दिल्ली के मालवीय नगर में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ नस्लीय अपमान और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। ये तीनों महिलाएं दिल्ली में किराए के मकान में रहती हैं और पढ़ाई के साथ साथ वर्किंग भी हैं। 20 फरवरी को दोपहर करीब 3:30 बजे इन महिलाओं के चौथी मंजिल वाले फ्लैट में एयर कंडीशनर लगवाने के लिए बिजली और ड्रिलिंग का काम चल रहा था। काम के दौरान कुछ धूल और छोटे-छोटे कंकड़ नीचे वाले फ्लैट में गिर गए। इससे नीचे रहने वाले पड़ोसी हर्ष सिंह और उनकी पत्नी रूबी जैन ने आपत्ति जताई।
मामला छोटी-मोटी बात से शुरू हुआ, लेकिन जल्द ही झगड़ा बड़ा हो गया। महिलाओं का आरोप है कि पड़ोसियों ने सिर्फ शिकायत नहीं की, बल्कि नस्ल के आधार पर गंदी-गंदी गालियां दीं और अपमानजनक बातें कहीं। उन्होंने महिलाओं को 'धंधेवाली' (सेक्स वर्कर) कहा, 'मसाज पार्लर' खोलने का इल्जाम लगाया और पूछा, 'क्या तुम यहां बिजनेस करने बैठी हो? घर में मसाज पार्लर खोल लिया क्या?'
यह भी पढ़ें: क्या है बैराबी-सैरांग प्रोजेक्ट, नॉर्थ ईस्ट की सूरत कैसे बदल रही?
'गटर-छाप' भी बोला
वीडियो में एक महिला को यह भी कहते सुना गया कि '500 रुपये में मसाज पार्लर में काम करो' और 'मोमो बेचने जाओ'। 'मोमो' यहां पूर्वोत्तर के लोगों के लिए ताने के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। कथित रूप से महिलाओं को 'गटर-छाप' भी कहा गया और कहा गया कि 'पूर्वोत्तर के लोग गंदे हैं'।
एक पीड़िता ने कहा, 'सबने सुना कि उन्होंने मेरी इज्जत को लेकर क्या कहा? उन्होंने झूठा इल्जाम लगाया कि मैं शराब पीती हूं।' ये महिलाएं चाहती हैं कि आरोपी उनसे और पूरे पूर्वोत्तर समुदाय से माफी मांगें, क्योंकि ये बातें सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरी कम्युनिटी के लिए अपमानजनक थीं।
पति-पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस ने मालवीय नगर थाने में हर्ष सिंह और उनकी पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 (महिला की इज्जत को ठेस पहुंचाने वाली बात या इशारा), 351(2) (आपराधिक धमकी), 3(5) और 196 (धर्म, नस्ल, जन्म स्थान आदि के आधार पर दुश्मनी फैलाना) लगाई गई हैं।
यह भी पढ़ें: म्यांमार से FMR, नॉर्थ ईस्ट की चुनौती और तकरार की वजहें, पूरी कहानी
शारीरिक चोट नहीं आई
पुलिस ने बताया कि कोई शारीरिक चोट नहीं आई है, लेकिन महिलाओं ने मानसिक उत्पीड़न और अपमान की शिकायत की है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिससे लोगों में गुस्सा है और पूर्वोत्तर के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव पर चर्चा हो रही है।