देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई है। बुधवार की सुबह लगी इस आग को बुझाने का काम जारी है और 37 लोगों को सुरक्षित भी बचाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और देखते ही देखते पूरे रेस्तरां में फैल गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने यह भी बताया गया कि नीचे गद्दे बिछा दिए गए थे और ऊपर से कूदने से कुछ लोगों की जान बच गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह आग सुबह करीब 8 बजकर 50 मिनट पर लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और अभी भी बचाव और राहत अभियान जारी है। अब आग पर काबू पा लिया गया है। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि यह रेस्तरां ऊपर से नीचे तक पूरा जल गया है। पुलिस ने बताया है कि जान गंवाने ज्यादातर लोग विदेशी नागरिक हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में मदरसों पर आई जांच की आंच, 3 सदस्यी कमेटी 10 दिनों में करेगी पड़ताल
CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख
घटना पर दुख जताते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने X पर लिखा है, 'मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों की रिकवरी की प्रार्थना करती हूं। सभी एजेंसियों ने तुरंत रेस्पॉन्स किया जिसके चलते कई लोगों को बचाया जा सका। दिल्ली सरकार ने स्थिति पर नजर बना रखी है। पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद की जा रही है और घायलों तक मेडिकल सहायता पहुंचाई जा रही है।'
PM मोदी ने किया आर्थिक मदद का एलान
इस हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है, 'दिल्ली के मालवीय नगर में हुआ अग्निकांड बेहद दुख है। मेरी संवेदनाएं परिवार मृतकों के परिवार के साथ हैं। साथ ही मैं घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।'
विधायक और पूर्व विधायक क्या बोले?
मालवीय नगर के विधायक और भारतीय जनता पार्टी के नेता सतीश उपाध्याय ने घटना के बारे में कहा है, 'यह घटना सुबह लगभग 6 बजे हुई है। जैसे ही मुझे इसकी सूचना मिली, हमारी पहिला प्रतिक्रिया थी कि हमने डिजास्टर मैनेजमेंट, इलाके के डीएम, एसडीएम, एसएचओ, एमसीडी के डीसी और पूरे सिस्टम को ऐक्टिवेट किया और खुद भी सक्रिय हो गए। बाद में पता चलेगा कि क्यों यह आग लगी। यह बहुत दुखद घटना है। स्थानीय लोगों ने भी बहुत मदद की। नीचे गद्दे डाल दिए गए थे ऊपर से कूदकर कुछ लोग बच भी गए और वे अस्पताल में भर्ती हैं।'
यह भी पढ़ें: गांजे की बिक्री पर सवाल उठाए, हथौड़े और बोतल से बदमाशों ने पीटा, मौत हो गई
घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक और आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने इस घटना के बारे में कहा है, 'सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। तारों का जाल बिछा है, शायद गरम होकर तार जल गया होगा। उसके बाद जो सामने होटल है, जहां 20 से 25 कमरे हैं, सामने मैक्स होटल है जहां इलाज कराने आने वाले लोग रुकते हैं। शॉर्ट सर्किट से आगे लगी, फिर किचन में आग लगी और फिर ऊपर के फ्लोर तक फैल गई। सामने बैठने वाले रजाई-गद्दे वाले ने अपने सारे गद्दे बिछा दिए और लोग ऊपर से कूदकर बचे हैं।'
रेस्क्यू में लगा समय
फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया है, 'घटनास्थल पर शुरुआत में ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां लगाई गई थीं, जिन्हें बाद में और बढ़ा दिया गया। हमारी टीम ने पहुंचते ही 37 लोगों को निकाल लिया था। आग पर तो जल्दी ही काबू पा लिया गया था लेकिन कई लोगों की मौत हुई थी और 37 लोगों को ऊपर से नीचे तक उतारने और निकालने में हमें काफी समय लगा। हमने अब पूरी बिल्डिंग को सर्च करके पुलिस के लिए क्लियर कर दिया है।'
उन्होंने आगे बताया, 'मौत को लेकर अभी हम चेक कर रहे हैं। यह बिल्डिंग बेसमेंट, ग्राउंड के अलावा 5 फ्लोर की है। इसमें ज्यादातर लोग ऐसे रह रहे थे जिनके परिवार के लोग सामने के मैक्स हॉस्पिटल में इलाज कराने आए थे। इसमें कुछ विदेशी भी थे।'