logo

मूड

ट्रेंडिंग:

फुटबॉल खेलने को लेकर हुआ झगड़ा, नाबालिगों ने मार दी गोली

दिल्ली में बच्चों के बीच हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि नाबालिग लड़कों ने एक युवक को गोली मार दी। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Gun Shooting man

प्रतीकात्मक तस्वीर Photo Credit: Freepik

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देश की राजधानी दिल्ली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खेल-खेल में हुआ झगड़ा इतना आगे बढ़ गया कि गोली चल गई। मामला गुरुवार का है। जिस शख्स को गोली लगी वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हमला करने वाले कुछ नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ लिया है और एक आरोपी फरार है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और इस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

 

यह मामला उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके का है। गुरुवार को भलस्वा डेयरी के पास मुकुंदपुर के रामलीला मैदान में बच्चे फुटबॉल खेलने इकट्ठा हुए थे। पहले कौन खेलेगा और बाद में कौन खेलेगा इसी को लेकर दो पक्षों में बहस हुई। 25 साल के एक युवक का झगड़ा कुछ नाबालिग लड़कों से हुआ। बहस के बाद नाबालिग लड़का वहां से चला गया और तब लोगोें को लगा कि मामला शांत हो गया है लेकिन कुछ देर में उसने अपने तीन दोस्तों को बुला लिया और झगड़ा फिर शुरू हो गया।

 

झगड़ा हुआ तो चला दी गोली

 

झगड़े के दौरान ही इन तीन दोस्तों में से एक ने पिस्तौल निकाली और 25 साल के युवक पर गोली चला दी और फिर घटनास्थल से भाग गया। गोली लगने के बाद पीड़ित निखिल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। निखिल को गोली लगने के बाद बाकी के लड़के वहां से भाग गए थे। अब मामले की जांच की जा रही है।

 

इस मामले के बाद दिल्ली पुलिस के डीसीपी आउटर नॉर्थ निधिन वलसन ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और लड़को के भागने के पता लगाने के बाद पुलिस ने छापामारी की और आरोपियों को पकड़ लिया। डीसीपी वलसन ने कहा कि इनमें से एक आरोपी ने गोली मारने की बात को स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और चौथे लड़के की तलाश कर रही है। 


और पढ़ें