आम दिनों में दिल्ली से पटना जाने के मुकाबले मुंबई का हवाई सफर महंगा पड़ता है। दिल्ली से मुंबई का टिकट आमतौर पर 5 से 6 हजार रुपये के आसपास रहता है, जबकि पटना का किराया घटकर 4 से 4.5 हजार रुपये तक आ जाता है। दिवाली और छठ के समय यह तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण दिल्ली से पटना का हवाई किराया आसमान छूने लगता है।
इस साल भी दिवाली और छठ के आसपास दिल्ली से पटना जाने वाली फ्लाइट का किराया 14 हजार से 18 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली से मुंबई जाने का टिकट करीब 6 हजार रुपये में मिल रहा है।
आकड़ों से पता चलता है कि आम दिनों में पटना के मुकाबले मुंबई जाना महंगा पड़ता है, लेकिन त्योहारों के समय पटना का हवाई सफर मुंबई से कई गुना महंगा हो जाता है। पिछले साल भी दिवाली और छठ के आसपास दिल्ली-पटना रूट पर टिकट के दाम 24 हजार रुपये तक पहुंच गए थे। इस आकंड़ों से समझते हैं।
दिल्ली से पटना और मुंबई का हवाई किराया
4 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों रूट पर अलग-अलग एयरलाइंस का किराया इस प्रकार है। पहले दिल्ली से पटना के आकड़ों का अध्ययन करेंगे फिर दिल्ली से मुंबई के तस्वीर समझेंगे।
दिल्ली से पटना
एयरलाइन हवाई किराया
एयर इंडिया एक्सप्रेस ₹14,319
इंडिगो ₹15,613
स्पाइसजेट ₹17,498
एयर इंडिया ₹18,528
दिल्ली से मुंबई
एयरलाइन हवाई किराया
स्पाइसजेट ₹6,070
इंडिगो ₹6,070
आकासा एयर ₹6,070
ध्यान देने वाली बात यह है कि आम दिनों में दिल्ली से पटना का किराया 4 से 4.5 हजार के बीच रहता है। लेकिन ऊपर दिए आँकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि दिवाली और छठ के समय तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। इस तस्वीर को और बेहतर से समझने के लिए हम पिछले साल के आँकड़े भी समझ लेते हैं।
पिछले साल भी थी यही स्थिति
दिवाली और छठ के दौरान दिल्ली से पटना जाने वाली फ्लाइट के किराये में पिछले साल भी भारी बढ़ोतरी हुई थी। अक्टूबर 2025 में त्योहारों के आसपास कई तारीखों पर टिकट 10 हजार रुपये से ऊपर पहुंच गया था। 17 अक्टूबर को किराया करीब 19 हजार रुपये और 18 अक्टूबर को 24 हजार रुपये तक दर्ज किया गया था। वहीं, 23 अक्टूबर को न्यूनतम किराया 11,016 रुपये और 24 अक्टूबर को 11,957 रुपये था।
त्योहारों के दौरान बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से दिल्ली-पटना रूट पर फ्लाइट की मांग बढ़ जाती है। सीटें कम पड़ने पर टिकट के दाम भी तेजी से बढ़ते हैं। यही वजह है कि आम दिनों में सस्ता रहने वाला दिल्ली-पटना का हवाई सफर दिवाली और छठ के समय दिल्ली-मुंबई के मुकाबले काफी महंगा हो जाता है।