दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिती ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 16,697.56 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस बजट को पेश करते हुए स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बजट को आर्थिक विकास, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती और नागरिक सुविधाओं को विस्तार देने वाला बजट बताया। बजट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 17 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की इनकम का टारगेट रखा है। वहीं खर्चों का अनुमान करीब साढ़े 16 हजार करोड़ लगाया गया है। इस बजट में डॉग शेल्टर, मल्टी लेवल पार्किंग और वायु प्रदूषण के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
इस बजट में हर निगम पार्षद को सालाना दो करोड़ रुपये अपने वार्ड में विकास कार्यों के लिए देने का प्रावधान किया गया है। इस बजट में मेयर और स्टैंडिंग कमिटी के चेयरमैन के फंड में भी बढ़ोतरी करने की बात कही गई है। बता दें कि दिल्ली नगर निगम में पार्षदों की संख्या 250 है। अब तक पार्षदों को कम फंड मिलता था जिसके चलते कई काम ठप पड़े थे।
यह भी पढ़ें: 12 साल मोदी सरकार, पहली बार सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज; इरादे क्या हैं?
बजट की बड़ी बातें
इस बजट में पार्षदों का फंड बढ़ाने के साथ-साथ प्रदूषण कंट्रोल और कई अन्य बड़े प्रावधान किए गए हैं।
प्रदूषण - प्रदूषण से निपटने के लिए बजट में एक सड़क-एक दिन योजना की घोषणा की गई है, जिसके तहत हर एक जोन में रोजाना एक प्रमुख सड़क की मरम्मत, सफाई पेंटिंग और अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही हजारों कारों की पार्किंग क्षमता वाली योजना पर काम होगा।
कचरा मुक्त दिल्ली- इसके लिए भलस्वा, गाजीपुर और ओखला लैंडफिल साइटों को कूड़ा मुक्त कर वहां ऑर्गेनिक गार्डन और ग्रीन जोन बनाए जाएंगे। बजट में लक्ष्य रखा गया है कि दिसंबर 2028 तक नरेला-बवाना और गाजीपुर में नए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट शुरू होने के बाद लैंडफिल पर कूड़ा डालना पूरी तरह बंद हो जाएगा। इसके साथ ही नालियों की सफाई के लिए जेटिंग मशीन की व्यवस्था की जाएगी।
नए थीम पार्क- इस बजट में हरित दिल्ली बानने के लिए हरियाली मास्टर प्लान बनाया गया है। इस प्लान में उन पेड़ों को लगाने पर जोर दिया जाएगा जिन्हें पानी की कम जरूरत होती है। इसके साथ ही छह नए थीम पार्क स्थापित किए जाएंगे।
बच्चों के लिए नॉलेज पार्क- इस बजट में बच्चों के लिए भी खास घोषणा की गई है। दिल्ली में बच्चों के लिए नॉलेज पार्क बनेंगे। इन पार्कों में दौड़ के लिए ट्रैक, खेल का मैदान, मिनी म्यूजियम और एजुकेशनल एक्टिविटी की व्यवस्था होगी। इसके साथ हर वार्ड में हर्बल पार्क बनाया जाएगा।
कुत्तों के लिए घोषणा- आवारा कुत्तों का मुद्दा दिल्ली में पिछले लंबे समय से चर्चा में है। सुप्रीम कोर्ट भी आवारा कुत्तों के मामले पर चिंता जाहिर कर चुका है। इस बजट में कुत्तों के लिए 12 जोन में डॉग शेल्टर बनाने का प्लान बनाया गया है। इसके लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बजट में हर जोन में कम से कम एक डॉग शेल्टर बनाने की योजना है। इसके साथ ही कुत्तों के टीकाकरण को भी और ज्यादा तेजी दी जाएगी। कुत्तों की निगरानी के लिए माइक्रोचिप लगाने की योजना का प्रस्ताव भी रखा गया है।
यह भी पढ़ें: देखते रह गए कांग्रेस और AAP, बीजेपी के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के मेयर
आयुष्मान आरोग्य मंदिर- इस बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई अहम घोषणाएं की गई हैं। हर वार्ड में कम से कम एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही हर विधानसभा स्तर पर मां और नवजात बच्चे की देखबाल के लिए एक केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।
बाजारों के नियम- बजट में कई स्थानों पर रेहड़ी पटरी वालों और साप्ताहिक बाजारों से जाम की शिकायतें सामने आई हैं। इन दिक्कतों को हल करने के लिए रेहड़ी-पटरी वालों के लिए अलग जोन तय किए जाएंगे। इसके साथ ही लाइसेंस की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।