logo

मूड

ट्रेंडिंग:

दिल्ली पुलिस ने किया ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के आतंकी मॉड्यूल के 5 और सदस्यों को गिरफ्तार किया। TTH से जुड़े इस 8 सदस्यीय नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।

Delhi Police 5 arrested ISI linked terror module

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, Photo Credit: PTI

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सीमा पार से संचालित एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। बुधवार को इस मामले में पांच और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने आठ सदस्यों वाले पूरे आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त करने का दावा किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहा था।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) से जुड़े हुए थे। यह संगठन हाल के दिनों में उत्तर भारत में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों को दिल्ली और आसपास के राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने और संगठन का प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

 

यह भी पढ़ें: फेरीवालों के समर्थन में सड़क पर उतरीं ममता बनर्जी, धर्मतल्ला में किया पैदल मार्च

दिल्ली-NCR में प्रचार की थी साजिश

जांच में पता चला है कि आरोपी दिल्ली-NCR के विभिन्न इलाकों में पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के पोस्टर लगाने और दीवारों पर नारे लिखकर TTH का प्रचार-प्रसार करना चाहते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, TTH ने हाल ही में पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा क्षेत्र में एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) की हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां इस संगठन की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थीं।

NIA भी जांच में जुटी

उधर, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी इस नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। इससे पहले 9 जून को NIA ने पंजाब और हरियाणा के नौ जिलों में 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई और डिजिटल उपकरण, दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन और संचार नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं।

 

यह भी पढ़ें: 'काम कीजिए, ड्यूटी पर रील मत बनाइए', कर्मचारियों को CM योगी की सख्त नसीहत

 

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क के तार सीमा पार बैठे आतंकी और गैंगस्टर तत्वों से जुड़े हैं। NIA ने कुछ लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। एजेंसी का कहना है कि इस मामले के पीछे मौजूद बड़े अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का पर्दाफाश करने के लिए जांच लगातार जारी है।


और पढ़ें