दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कथित तौर पर कुख्यात कौशल चौधरी गैंग के मुख्य शूटर 22 साल के कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप सिंह कुख्यात कौशल चौधरी गैंग का मुख्य शूटर था।
वह बुराड़ी इलाके के एक बिजनेसमैन की हत्या करने की साजिश रच रहा था। गैंग का मकसद था कि इस हत्या से अपनी ताकत दिखाए और दिल्ली व आसपास के राज्यों में एक्सटॉर्शन (वसूली) का नेटवर्क बढ़ाए।
यह भी पढ़ें: 'दिल्ली गैस चैंबर, UP में हवा साफ,' CM योगी के बयान पर ट्रोल हुईं CM रेखा गुप्ता
पुलिस को मिली थी सूचना
पुलिस को इस बात की खास सूचना मिली थी। इसके आधार पर एंटी-गैंगस्टर स्क्वॉड (AGS) की टीम ने द्वारका के सेक्टर-17 के पास जाल बिछाया। कुलदीप सिंह चोरी की स्कूटी पर जा रहा था। पुलिस ने उसे रोका तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे जल्दी ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक PX-30 ऑटोमैटिक पिस्तौल (7.62 mm), एक लोडेड 7.65 mm पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके खिलाफ क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
विदेश में था गैंग
जांच में पता चला कि कुलदीप सिंह विदेश में बैठे गैंग के हैंडलर्स के कहने पर काम कर रहा था। इनमें पवन शौकीन और गुरदीप उर्फ पाजी शामिल हैं। उन्होंने उसे यह हत्या करने का काम सौंपा था। इससे गैंग प्रतिद्वंदी गिरोहों को चेतावनी देना चाहता था और संगठित वसूली का धंधा मजबूत करना चाहता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुलदीप सिंह पहले भी अपराध में शामिल रहा है। 2024 में पंजाब में 5 करोड़ रुपये की एक्सटॉर्शन और फायरिंग के एक बड़े केस में उसका नाम था। अगस्त 2025 में उसे जमानत मिली थी।
यह भी पढ़ें: बनारस में 60 रुपये के लिए भिड़ गए 'महादेव' बने दो बच्चे, जमकर चले घूंसे-लात
कर चुका था जासूसी
वह टारगेट बिजनेसमैन की रेकी (जासूसी) कर चुका था। पंजाब और उत्तर प्रदेश के गैंग के सदस्यों से वह एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए बात करता था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है और अपराधियों पर नकेल कसी गई है। जांच जारी है।