छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक बाउंसर जीजा ने अपने ससुराल में घुसकर अपनी दो सालियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में दोनों बहनों की मौत हो गई है। घटना के बाद आरोपी ने भागने के बजाय सड़क पर हवा में फायरिंग की और खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय गीतांजलि और 24 वर्षीय दुर्गेश्वरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र वर्मा पेशे से बाउंसर है और उसने वारदात को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंजाम दिया। घटना की शुरुआत पति-पत्नी के बीच जारी विवाद से हुई। जिसके चलते आरोपी की पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी।
यह भी पढ़ें: डेप्युटेशन पर बंगाल में ही तैनात रहेंगे IPS अजय पाल शर्मा? जान लीजिए असली बात
नशे की हालत में ससुराल पहुंचा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को अपनी पत्नी से झगड़े के बाद जितेंद्र उससे संपर्क नहीं कर पा रहा था। शराब के नशे में धुत होकर वह देर रात अपने ससुराल पहुंचा और अपने बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। जब उसकी दोनों सालियां, गीतांजलि और दुर्गेश्वरी, बाहर आईं और उसे समझाने की कोशिश की कि वह इस हालत में कल आए। जिसके बाद जितेंद्र का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
विवाद बढ़ते ही जितेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और दोनों बहनों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पहली गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। फायरिंग की आवाजों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
यह भी पढ़ें: 'आओ, शादी करूंगी', घर से भगाने वाले पति को इंस्टा से फंसाया, फिर कराया गिरफ्तार
वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जितेंद्र भागा नहीं, बल्कि उसने सड़क पर निकलकर हवा में फायरिंग की और सीधे थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल, पुलिस घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।