महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बॉलीवुड स्टार
टाइगर श्रॉफ
पर रविवार को फायरिंग की गई है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ जब जुहू के पुष्पा पार्क इलाके में फुटबॉल मैच खेलकर अपनी कार से निकल रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे, उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए टाइगर पर अटैक करने वाले हमलावरों को सख्त संदेश दिया है।
इस फायरिंग के बाद अनिल पंडित नामक एक व्यक्ति का एक कथित ऑडियो संदेश सामने आया है, ऑडियो में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर इस जिम्मेदारी लेते हुए
सलमान खान
से जुड़े फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धमकी दी गई है। फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर आ गई है, जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: कार के दरवाजों से निकले 2.65 करोड़ रुपये, पकड़ने वाली टीम भी हैरान
एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?
एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे हैं, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी होना एक गंभीर घटना है। वह इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गनीमत रही कि वे सुरक्षित बच गए। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं, और यह घटना निंदनीय है। मैंने अभिनेता से मुलाकात की, उनसे बातचीत हुई। उनके बाएं हाथ पर गन पाउडर और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं।'
एकनाथ शिंदे ने बताया कि टाइगर और उनकी मां दोनों ही काफ़ी सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार और मुंबई पुलिस उनके साथ है। किसी भी तरह की धमकी या दादागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आगे कहा, 'लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। जैसे को तैसा जवाब मिलेगा, हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह ख़त्म कर देंगे।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मुंबई पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिया है। उन्होंने भी टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात की है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी हमले की जिम्मेदारी
टाइगर श्रॉफ पर इस हमले की जिम्मेदारी अनिल पंडित नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से ली गई। अनिल पंडित ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं। हमने इसको कॉल करके समझाया था, पर इसको समझ नहीं आया। इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा।'
एक्टर के दाएं हाथ और सीने पर बारूद से जलने के निशान
एकनाथ शिंदे ने जानकारी देते हुए बताया कि एक्टर के दाएं हाथ और सीने पर बारूद से जलने के निशान हैं। टाइगर की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई थीं। हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी। बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में चोटें आई हैं और उनका ड्राइवर भी घायल हो गया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि पांच राउंड फायरिंग हुई लेकिन अच्छी बात यह है कि वह सुरक्षित हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
मुंबई डीसीपी मोहित गर्ग ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि मुंबई पुलिस ने कई टीमें बनाई गई हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, 'यह घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे। उन्हें कोई गोली नहीं लगी है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है। फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा।'
मोटरसाइकिल बरामद और फर्जी कॉल पर एक्शन
पुलिस ने अंधेरी वेस्ट इलाके से हमलावरों की वह मोटरसाइकिल बरामद कर ली है जिसे छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे। इसके अलावा, खार पुलिस ने अफवाह फैलाने और झूठी जानकारी देने के आरोप में पंजाब के एक 35 वर्षीय सुरक्षाकर्मी मनीष कुमार सुजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है, जिसने टाइगर श्रॉफ की सुपारी मिलने की झूठी कॉल की थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए सांताक्रूज से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।