नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने पार्टी में किसी भी तरह की दरार या गुटबाजी की खबरों को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पूरी तरह से एकजुट है और जो लोग इसे तोड़ने का सपना देख रहे हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि पार्टी न कभी टूटी है और न ही कभी टूटेगी। फारूक अब्दुल्ला ने बताया कि पार्टी के नाराज या अपनी बात रखने वाले नेताओं से खुलकर बातचीत हुई है। उनकी मांगें और मुद्दे जायज थे, जिन पर गंभीरता से विचार किया गया है।
उन्होंने कहा कि विधायकों को भरोसा दिया गया है कि इनमें से कुछ समस्याओं को तुरंत सुलझाया जाएगा। वहीं बाकी के मुद्दों पर धीरे-धीरे कदम उठाए जाएंगे। पार्टी और सरकार दोनों को मजबूत किया जा रहा है ताकि आम जनता की समस्याओं का समाधान किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस दिलाने और अनुच्छेद 370 व 35A की बहाली के लिए उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: दिवाली की लड़ी लगाना बना हादसे की वजह, 11वीं मंजिल से गिरकर DIG के बेटे की मौत
'हमने कोई अलग पार्टी नहीं बनाई'
पार्टी में अंदरूनी कलह की खबरों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक नजीर अहमद खान ने भी स्थिति साफ की है। उन्होंने मीडिया में चल रही अलग गुट बनने की चर्चाओं पर कहा कि जब भी विधायकों को कोई समस्या होती है तो वे अपने शीर्ष नेतृत्व के पास ही जाते हैं।
श्रीनगर से विधायक नजीर अहमद खान ने कहा, 'कुछ दिन पहले जब विधायक एक जगह बैठकर अपनी बात कर रहे थे तो मीडिया ने इसे इस तरह दिखाया जैसे नेशनल कॉन्फ्रेंस से अलग होकर कोई नई पार्टी बन गई हो। कोई भी अलग पार्टी नहीं बनाई गई है।'
उन्होंने आगे कहा, 'विधायकों ने अपने मुद्दे मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के सामने रख दिए हैं। नेतृत्व ने उन्हें भरोसा दिया है कि उनकी हर बात का समाधान निकाला जाएगा। राजनीतिक मुद्दे हों या विकास से जुड़े काम, कुछ चीजों पर तुरंत फैसला लिया जाएगा और कुछ पर समय के साथ धीरे-धीरे काम किया जाएगा।'
फारूख अबदुल्ला ने क्या कहा?
फारूख अबदुल्ला ने पार्टी के टूट की खबर को पूरी तरह से बेबूनियाद बताया। उन्होंने कहा, 'यह बेबुनियाद खबर फैलाई जा रही है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस बंट गई है जो कि पूरी तरह से गलत है। यह संगठन एकजुट है। जो लोग सोचते हैं कि वे इसे तोड़ सकते हैं उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह जमात न कभी टूटा है और न ही कभी टूटेगा। हमने उनसे बात की है। उनकी समस्याएं जायज थीं और उन पर ध्यान दिया गया है।'
आगे उन्होंने कहा, 'सबकी बात सुनी गई है। कुछ कदम जल्द उठाए जाएंगे, जबकि बाकी कदम धीरे-धीरे उठाए जाएंगे। हम पार्टी और सरकार को मजबूत करेंगे ताकि लोगों की परेशानियों को दूर किया जा सके। इसके साथ ही, राज्य का दर्जा बहाल करने की हमारी लड़ाई। अनुच्छेद 370 तथा 35A के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी और इसे इसके अंतिम मुकाम तक पहुंचाया जाएगा।'
नेशनल कॉन्फ्रेंस के शीर्ष नेतृत्व और विधायकों के बयानों से यह साफ है कि पार्टी अपने अंदरूनी मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझा रही है। फारूक अब्दुल्ला ने साफ कर दिया है कि जनता की भलाई और जम्मू-कश्मीर के हक की लड़ाई को पार्टी उसके अंतिम अंजाम तक पहुंचाएगी।