उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन स्थित विंडसर पैराडाइज सोसाइटी में लिफ्ट में कुत्ता ले जाने को लेकर दो महिलाओं के बीच विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि एक महिला ने स्कूल टीचर पर डंडे से हमला कर दिया और थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई।
पीड़ित टीचर की शिकायत पर नंदग्राम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: प्रेमिका से मिलने पहुंचा था प्रधान का बेटा, इतना पीटा गया कि जान चली गई
क्या है पूरा मामला?
12 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे इंदिरापुरम के एक स्कूल की टीचर हिना बारी अपने घर लौट रही थीं। जब वह अपने अपार्टमेंट की लिफ्ट में चढ़ने लगीं, तो वहां पहले से ही श्वेता सूबे नाम की महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ मौजूद थी। हिना का आरोप है कि श्वेता कुत्ते की वजह से दूसरे निवासियों को लिफ्ट में नहीं आने दे रही थी। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि श्वेता ने हिना पर डंडे से हमला कर दिया और थप्पड़ जड़ दिया। बचाव में हिना ने भी पलटवार किया, जिससे लिफ्ट के अंदर ही दोनों के बीच मारपीट होने लगी। शोर सुनकर बाहर खड़े सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड ने तुरंत दखल दिया और दोनों को एक-दूसरे से अलग किया।
यह भी पढ़ें: बचपन के दोस्त ने PM मोदी से मांगी मदद, BJP विधायक पर जमीन हड़पने का लगा आरोप
पुलिस कर रही जांच
घटना के तुरंत बाद पीड़िता हिना बारी ने नंदग्राम थाने पहुंचकर आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की पूरी जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।