हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। नावर क्षेत्र के दरोटी गांव की संपर्क सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में जा गिरी। हादसे में मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में तीन नेपाली महिला मजदूर भी शामिल हैं।
हादसा उस समय हुआ, जब दरोटी निवासी मां-बेटा नेपाली मजदूरों को घास काटने के काम के लिए अपने साथ लेकर जा रहे थे। रोजमर्रा के काम के लिए निकला यह सफर कुछ ही पलों में दर्दनाक त्रासदी में बदल गया।
पानू नाला के पास कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे दरोटी क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि कार पहाड़ी संपर्क मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन ऊपर की सड़क से नीचे की ओर जा पहुंचा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने सहायता के लिए प्रयास किए और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना में दरोटी गांव के कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद की मौत हो गई।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में तीन नेपाली महिला मजदूरों की भी मौत हुई है। इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार महिलाएं शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: कर्मचारियों के एरियर पर हाई कोर्ट ने हिमाचल सरकार को दिया 6 हफ्ते का अल्टीमेटम
हादसे में मारे गए मृतकों की सूची
- कुशल पुत्र प्रमोद, निवासी दरोटी गांव।
- कल्पना देवी पत्नी प्रमोद, निवासी दरोटी गांव।
- निर्मला पत्नी पवन, नेपाली नागरिक।
- मीना पत्नी प्रेम, नेपाली नागरिक।
- रोशनी पुत्री प्रेम, नेपाली नागरिक।
गंभीर घायल को शिमला किया रेफर
दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को पहले रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जानी है। हादसे की सूचना के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाई है। टिक्कर के तहसीलदार प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने दुर्घटना की पुष्टि की। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा फिर सवालों के घेरे में
शिमला जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में संकरी और घुमावदार संपर्क सड़कों पर सफर करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है। दरोटी क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है। हालांकि, केवल सड़क की बनावट को इस दुर्घटना का कारण नहीं माना जा सकता। हादसे की असल वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: 87 हजार के ड्रोन से 3.50 करोड़ की ग्रांट तक, क्या है सर्वेश शर्मा की कहानी?
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दरोटी के पनू नाला के समीप हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु तथा एक व्यक्ति के घायल होने पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने तथा घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।