उत्तर प्रदेश के लखनऊ की जेल में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और अखिलेश सरकार में मंत्री रहे और खनन घोटाले के आरोपी गायत्री प्रसाद प्रजापति बंद हैं। बीते दिन जेल के अंदर ही उन पर एक कैदी ने हमला कर दिया। बंदी ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। रॉड से सपा नेता को सिर पर चोट लगी जिसके बाद उनको जेल में ही शुरुआती इलाज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जेल के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पूर्व मंत्री को बेहतर इलाज के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। अभी उनकी हालत ठीक है और वह खतरे से बाहर है।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर 30 सितंबर को लखनऊ जिला जेल में हमला हुआ, जिससे उनके सिर में हल्की चोट आई। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री को जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब जेल अस्पताल में सफाई का काम करने वाले एक साथी कैदी के साथ उनकी कहासुनी हो गई। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हाथापाई के दौरान, कैदी ने कथित तौर पर प्रजापति पर अलमारी के एक स्लाइडिंग हिस्से से प्रहार किया, जिससे उन्हें हल्की चोट आई। जेल अधिकारियों ने कहा कि उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और प्रजापति अब पूरी तरह से ठीक हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- छात्राओं की तस्वीरें, अश्लील चैट; चैतन्यानंद के फोन से क्या-क्या मिला?
सपा प्रमुख ने न्यायिक जांच की मांग की
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हमले की न्यायिक जांच की मांग की है। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर गायत्री प्रजापति का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'भूतपूर्व विधायक और उप्र सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर जेल में हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो। उप्र में कहीं भी, कोई भी सुरक्षित नहीं है।'
यह भी पढ़ें- 75 साल के बुजुर्ग ने 35 की महिला से की शादी, अगले ही दिन हो गई मौत
गायत्री प्रजापति का परिचय
अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति को मार्च 2017 में गिरफ्तार किया गया था। पूर्व मंत्री पर महिला के साथ दुष्कर्म करने और महिला की बेटी के साथ बलात्कार करने की कोशिश का आरोप है। इन पर मंत्री रहते समय खनन घोटाले का भी आरोप लगा है। गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में बंद हैं। नवंबर 2021 में गायत्री समेत दो अन्य लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसी मामले में दोनों सह आरोपी को अपर्याप्त सबूतों की वजह से बरी कर दिया गया था।