भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की हत्या के बंगाल में तनाव की स्थिति है। बीजेपी समर्थक हत्यारों के लिए कठोर से कठोर सजा की मांग कर रहे हैं। इस बीच चंद्रनाथ की मां का कहना है कि वह भी चाहती हैं कि हत्यारों को सजा लेकिन वह चाहती हैं कि उन्हें फांसी न दी जाए। चंद्रनाथ की मां का कहना है कि वह भी एक मां हैं और चाहती हैं कि हत्यारों को उम्रकैद हो। उन्होंने यह भी कहा है कि जो लोग कहते थे कि 4 मई के बाद दिल्ली के लोग हमें नहीं बचा पाएंगे, उन्होंने वह कर के दिखा दिया है। चंद्रनाथ की मां ने यह भी कहा है कि जब से शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया तब से ही उनका परिवार खतरे में आ गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रनाथ का परिवार बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद अंतिम संस्कार के बारे में फैसला करेगा। बुधवार रात गोली मारे जाने की घटना के बाद चंद्रनाथ रथ को जिस अस्पताल में ले जाया गया था, उसके बाहर बीजेपी कार्यकर्ता जमा हो गए और हत्या में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने कहा, 'हम दोषियों के लिए ऐसी सजा चाहते हैं कि मिसाल कायम हो। लोकतांत्रिक राज्य में ऐसे हमले निंदनीय हैं।’ एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा को रोकने के लिए अस्पताल और चंद्रनाथ रथ के आवास के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: 'वर्दीधारी को गोली मारने का टास्क', UP ATS ने नाकाम की ISI की साजिश, दो गिरफ्तार
चंद्रनाथ रथ की मां ने क्या कहा?
अपने बेटे की हत्या के बारे में मीडिया से बातचीत में हसिरानी रथ ने कहा है, 'मैं चाहती हूं कि दोषियों को सजा हो। मैं एक मां हूं और मैं नहीं चाहती कि उन्हें फांसी हो। मैं चाहती हूं कि उन्हें उम्रकैद की सजा दी जाए। उन्होंने यह इसीलिए किया कि बीजेपी सत्ता में आ गई। हमारे राज्य प्रमुख और अन्य नेता लगातार अपील कर रहे हैं कि राज्य में कानून व्यवस्था बने रहे लेकनि जो लोग सत्ता में थे वे उकसाने वाले बयान दे रहे थे। वे कह रहे थे कि 4 मई के बाद दिल्ली के बाप हमें नहीं बचाएंगे, तो 4 मई के बाद उन्होंने ऐसा करके भी दिया।'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर मेरा बेटा एक्सीडेंट में मर गया होता तो शायद मुझे उतना दुख नहीं होता। जिस तरह से उन बदमाशों ने मेरे बेटे को मारा यह सब टीएमसी की वजह से हुआ। जब से शुभेंदु बाबू ने ममता बनर्जी को हराया, मेरा परिवार खतरे में आ गया है।
यह भी पढ़ें: 'रेकी की गई थी, प्लान करके मारा', PA की हत्या पर बोले शुभेंदु अधिकारी
बता दें चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पूर्व मेदिनीपुर में उनके परिवार के लोगों, रिश्तेदारों और बीजेपी नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। पूरे परिवार में गम का माहौल है और बीजेपी कार्यकर्ता भी आक्रोशित हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है।