गोवा में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। चुनाव से पहले Prudent Media और गोवा यूनिवर्सिटी के गोवा बिजनेस स्कूल ने एक सर्वे किया है। इसमें बीजेपी और उसके सहयोगियों को 16 से 18 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगियों को 14 से 15 सीटें मिलने की बात कही गई है। सर्वे के अनुसार, करीब 26 फीसदी वोटर अभी यह तय नहीं कर पाए हैं कि वे किसे वोट देंगे। ऐसे में चुनाव से पहले गोवा की सियासत में मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है।
फिलहाल गोवा में बीजेपी की सरकार है और प्रमोद सावंत मुख्यमंत्री हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 40 में से 20 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई थी। कांग्रेस को 11 सीटें मिली थीं। बहुमत के लिए 21 सीटों की जरूरत थी। बीजेपी ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी। प्रमोद सावंत ने 28 मार्च 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
सर्वे में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलने का अनुमान?
Prudent Media के इस सर्वे में गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों के 4 हजार लोगों की राय ली गई। सर्वे के अनुसार, बीजेपी और उसके सहयोगियों को 38 फीसदी वोट मिल सकते हैं। इसके आधार पर उन्हें 16 से 18 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगियों को 29 फीसदी वोट मिलने की संभावना जताई गई है। सर्वे में इस गठबंधन को 14 से 15 सीटें मिलने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बिहार में हलचल, आनंद मोहन के समर्थन में जुटे लोग
अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 4 से 6 सीटें जा सकती हैं। सर्वे में सबसे खास बात यह है कि 26 फीसदी वोटर अभी भी असमंजस में हैं। यानी करीब हर चार में से एक वोटर ने अपना मन नहीं बनाया है। चुनाव से पहले इन वोटरों का रुख नतीजों पर असर डाल सकता है।
मुख्यमंत्री के तौर पर प्रमोद सावंत पहली पसंद
सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि वे किस नेता को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। इसमें मौजूदा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सबसे आगे रहे। उन्हें 33.5 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा PWD मंत्री दिगंबर कामत को 24.7 फीसदी लोगों का समर्थन मिला। जबकि गैर-बीजेपी गठबंधन के किसी नेता को 23.9 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री के रूप में पसंद किया।
65.7% लोग चाहते हैं सरकार में बदलाव
सर्वे में मौजूदा सरकार को लेकर लोगों की राय भी सामने आई है। इसके अनुसार, 65.7 फीसदी लोगों का मानना है कि राज्य में सरकार बदलनी चाहिए। वहीं 34.3 फीसदी लोग चाहते हैं कि बीजेपी की सरकार फिर से बने। सरकार के कामकाज को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दी।
यह भी पढ़ें: KGMU में रैगिंग पर बड़ा एक्शन, 38 MBBS छात्र 3 महीने के लिए सस्पेंड
सर्वे में 56.4 फीसदी लोगों ने बीजेपी सरकार के कामकाज पर असंतोष जताया। इनमें 27.3 फीसदी लोग ऐसे थे। जो सरकार के काम से बहुत ज्यादा नाराज हैं। वहीं 43.6 फीसदी लोगों ने सरकार के कामकाज पर संतुष्टि जताई। हालांकि, अपने क्षेत्र के विधायकों को लेकर लोगों की राय थोड़ी अलग है। 53.1 फीसदी लोगों ने अपने मौजूदा विधायक के काम पर संतुष्टि जताई। जबकि 47 फीसदी लोग उनके काम से खुश नहीं हैं।
सरकारी योजनाओं से मिल सकता है बीजेपी को फायदा
सर्वे में सरकारी योजनाओं को लेकर भी लोगों से सवाल पूछे गए। इसमें 56.5 फीसदी लोगों ने माना कि सरकार की सामाजिक योजनाएं उसे दोबारा सत्ता में लाने का आधार बन सकती हैं। इन योजनाओं में दीन दयाल स्वास्थ्य सेवा योजना (DDSY) जैसी योजनाएं शामिल हैं।
वहीं 43.5 फीसदी लोगों ने इस बात से सहमति नहीं जताई। यानी एक तरफ सरकार के कामकाज से नाराजगी है। लेकिन, दूसरी तरफ उसकी योजनाओं को लेकर लोगों का एक बड़ा वर्ग सकारात्मक भी है।
कांग्रेस ने सर्वे को अपने अनुमान के अनुसार बताया
सर्वे सामने आने के बाद गोवा में राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने कहा कि सर्वे के नतीजे उनकी पार्टी के अंदरूनी अनुमान से मेल खाते हैं। वहीं महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के अध्यक्ष दीपक धवलिकर ने भी सर्वे के नतीजों को सही बताया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश
हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अपने स्तर पर भी इन आंकड़ों की जांच करेगी। दूसरी तरफ, बीजेपी विधायकों जोशुआ डिसूजा और प्रवीण अरलेकर ने कहा कि 2027 के चुनाव में अभी समय है। ऐसे में चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। मंत्री नीलकंठ हलारनकर ने भी सर्वे में अपने क्षेत्र को लेकर किए गए अनुमान पर प्रतिक्रिया दी। उन्हें सर्वे में असुरक्षित सीट वाली श्रेणी में रखा गया था।
2027 के चुनाव में बदल सकते हैं समीकरण
गोवा में विधानसभा चुनाव के लिए अभी कुछ महीने बाकी हैं। ऐसे में यह सर्वे राजनीतिक दलों के लिए एक शुरुआती संकेत जरूर है। लेकिन इसे चुनाव का नतीजा नहीं माना जा सकता। खास बात यह है कि सर्वे में 65.7 फीसदी लोगों ने सरकार बदलने की इच्छा जताई है। लेकिन मुख्यमंत्री के रूप में प्रमोद सावंत अब भी पहली पसंद बने हुए हैं। वहीं 26 फीसदी वोटरों का फैसला अभी बाकी है।