हरियाणा के पंचकूला में निकाय चुनाव के लिए प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने एक विवादित बयान दिया। इस बयान के बाद उनकी ही पार्टी में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है और अब विरोध बड़ा रूप ले रहा है। रेखा शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए हरियाणा के पूर्व सीएम पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल और कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन को बदमाश कह दिया था। विरोध के बाद अब उन्होंने अपने इस बयान पर सफाई दी है। उनकी सफाई के बावजूद विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा बल्कि उल्टा बढ़ता ही जा रहा है।
रेखा शर्मा ने अपने विवादित बयान को लेकर सफाई देते हुए कहा कि मेरे भाषण में मैंने जो मैंने कहा था वह मैंने किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि उनकी कार्यशैली को लेकर किया था। रेखा शर्मा ने कहा, 'मैंने बंसीलाल का नाम कभी नहीं लिया। मैं खुद बंसीलाल सरकार में कंज्यूमर फोरम की मेंबर रह चुकी हैं और मैंने उनके काम को करीब से देखा।' रेखा शर्मा ने कहा कि उन्होंने इस मामले में बंसीलाल परिवार की बहू और बीजेपी नेता किरण चौधरी से बात की है और उनसे कहा है कि उन्होंने बंसीलाल के लिए कुछ भी गलत नहीं कहा है।
यह भी पढ़ें: कोर्ट में पेश नहीं होंगे केजरीवाल, जस्टिस स्वर्णकांता को लिखी चिट्ठी
बदमाशी वाले बयान पर क्या बोली?
रेखा शर्मा ने बंसीलाल को लेकर यह भले ही कहा हो कि उन्होंने उनपर कोई भी गलत बयान नहीं दिया है लेकिन अपने बदमाशी वाले बयान को लेकर वह अभी भी मुखर हैं। उन्होंने उस समय का जिक्र किया जब उन्होंने पार्षद का चुनाव लड़ा था। उन्होंने बताया कि उन्हें कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा गया और जह नहीं किया तो उनके घर पर पत्थरबाजी की गई। उन्होंने इस पूरे विवादित बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के नाम पर तो सफाई दी लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल और पंचकूला विधायक चंद्रमोहन के नाम पर कोई सफाई नहीं दी।
पार्टी में ही विरोध
रेखा शर्मा की इस बयान को लेकर मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। रेखा शर्मा के इस बयान से पार्टी अध्यक्ष ने किनारा कर लिया है। उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि यह रेखा शर्मा की व्यक्तिगत सोच है, पार्टी की नहीं।
इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री बजनलाल का परिवार भी अब रेखा शर्मा के खिलाफ मुखर हो गया है। बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। कुलदीप बिश्नोई ने लिखा, 'हम समंदर हैं, हमें खामोश रहने दो, जरा मचल गए तो शहर ले डूबेंगे।' कुलदीप बिश्नोई के करीबी विधायक ने रेखा शर्मा के बयान को विरोध किया और कहा कि वह इस मामले को सीएम के सामने उठाएंगे।
कुलदीप बिश्नोई के बेटे और पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने ट्वीट कर कहा, 'बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद। यह मैं कुछ लोगों की अनुभवहीन और जनाधार-विहीन कार्यशैली के बारे में लिख रहा हूं। इसे किसी व्यक्ति-विशेष से न जोड़ा जाए।' भव्य बिश्नोई ने कहा कि रेखा शर्मा के इस बयान से हमारे परिवार के साथ-साथ चौधरी भजनलाल के सभी समर्थक गुस्से में है। भव्य ने रेखा शर्मा को करारा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग खुद दूसरों की मेहरबानी से राज्यसभा में बैठे हैं वह ऐसे व्यक्ति पर टिप्पणी कर रहे हैं जिन्हें राजनीति में पीएचडी कहा जाता है। भव्य बिश्नोई ने रेखा शर्मा से माफी मांगने की मांग की। भव्य भारतीय जनता पार्टी के विरोधी नेताओं, कांग्रेस नेताओं और अन्य विपक्षी नेताओं के बयान भी लगातार अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'अन्य पक्ष के लोग मकान न लें...', मुरादाबाद में ऐसे पोस्टर क्यों लगाए गए?
बिश्नोई समाझ नाराज
रेखा शर्मा के इस बयान को लेकर बिश्नोई समाज खासा नाराज है। डबवाली में बिश्नोई समाज की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेखा शर्मा के बयान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में रेखा शर्मा से बयान के लिए माफी मांगने की मांग की गई है और माफी ना मांगने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। रेखा शर्मा पार्टी के भीतर भी अपने इस बयान को लेकर अकेले पड़ती हुई दिखाई दे रही हैं।