हरियाणा में लिंगानुपात अन्य राज्यों की तुलना में कम है। समय-समय पर ऐसी खबरें आती रहती हैं जो लोगों की सोच पर प्रश्न खड़े कर देती है। लोकसभा से विधानसभा तक लिंगानुपात का मुद्दा उठता रहता है लेकिन सरकार और प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद लिंगानुपात में कुछ खास सुधार नहीं हो रहा। प्रशासन अवैध लिंग जांच को रोकने के लिए छापे मार रहा है और ऐसे ही एक छापे में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। यह डॉक्टर कोई आम डॉक्टर नहीं बल्कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की पार्टी जेजेपी का नेता है और कई बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है।
हिसार जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉक्टर अनंतराम को भ्रूण लिंग जांच करते रंगे हाथों पकड़ा है। स्वास्थ्य विभाग को लिंग जांच की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस और हेल्थ डिपार्टमेंट की एक टीम ने क्लिनिक पर छापा मारा।
यह भी पढ़ें: '40 दिन में साबित करें हिंदू हैं वरना', CM योगी को अविमुक्तेश्वरानंद की चेतावनी
7 मामले दर्ज
आरोपी डॉक्टर पर पहले भी 7 मामले दर्ज हैं और वह कई बार लिंग जांच करते पकड़े गए हैं। कुछ महीने पहले ही वह जमानत पर बाहर आए थे लेकिन फिर से उन्होंने यह अवैध काम शुरू कर दिया। जब टीम ने उनके क्लिनिक पर छापा मारा तो वह भ्रूण लिंग जांच करते पकड़े गए। टीम ने उनको तुरंत मौके पर ही पकड़ लिया और इस मामले की जांच शुरू कर दी।
इस रेड के दौरान टीम को प्रतिबंधित दवाइयां और एमपीटी किट भी बरामद हुई हैं। इसके अलावा डॉक्टर ने पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी क्लिनिक पर रखी थी। इस रेड को लीड कर रही डॉक्टर अनामिका बिश्नोई ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी।
चालाकी से डॉक्टर को पकड़ा
डॉक्टर अनामिका बिश्नोई ने कहा कि जब उन्हें सूचना मिली तो उन्होंने नकली ग्राहक को उनके क्लिनिक पर भेजा। आरोपी डॉक्टर ने उस ग्राहक से 35,000 रुपये की डिमांड की। इसके बाद अनामिका बिश्नोई अपनी टीम के साथ क्लिनिक पर पहुंची और जब वह वहां पहुंची तो आरोपी डॉक्टर एक महिला के गर्भ में लिंग जांच कर रहा था। डॉक्टर के क्लिनिक से नारकोटिक दवाएं भी बरामद हुई हैं। रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: होमवर्क न करने पर 10 साले के बच्चे को खूब पीटा, धमकी भी दी, टीचर सस्पेंड
पहले भी जा चुका है जेल
डॉ अनंतराम पहली बार गिरफ्तार नहीं हुए हैं। इससे पहले भी वह जेल जा चुके हैं और हाई कोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी। हाई कोर्ट में उन्होंने अपने बेटे की मौत के चलते बेल की याचिका लगाई थी। हालांकि, बेल मिलने के बाद भी वह भ्रूण जांच करने लगा।
डॉक्टर अनंतराम कई बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जेजेपी पार्टी से चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गए थे। इससे पहले ही उन पर सात केस दर्ज हो चुके थे और अब यह उन पर आठवां केस है। 1999 में उन पर भ्रूण लिंग जांच का पहला केस दर्ज हुआ था। हरियाणा में लिंगानुपात को कम करने के लिए सरकार तमाम कोशिशें कर रही है लेकिन इसके बावजूद जन्म के समय लिंगानुपात 923 बना हुआ है।