logo

ट्रेंडिंग:

हाथरस में थाने पर महिलाओं ने क्यों किया पथराव? 26 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ यातायात बाधित करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Stone pelting at police station in Hathras, Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश के हाथरस में पुलिस स्टेशन पर पथराव । Photo Credit : X/Benarasiyaa

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के मुरसान क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों द्वारा सड़क पर ट्रैफिक जाम करने और मुरसान कोतवाली पर पथराव करने के आरोप में पुलिस ने 12 महिलाओं समेत 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। 

 

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार की है, जब किला मढैया गांव में एक अर्टिगा कार की टक्कर से तीन साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने वाहन चालक और उसमें सवार दो अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया था। साथ ही, घटना की जांच शुरू करते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

 

यह भी पढ़ें: आतंकी अब्दुल रहमान की फरीदाबाद जेल में हत्या, अयोध्या को दहलाने की रची थी साजिश

बच्चे की मौत के बाद आक्रोश 

हालांकि, बच्चे की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने बाद में मुरसान कोतवाली के सामने सड़क पर यातायात जाम कर दिया। पुलिस का कहना है कि जाम के दौरान अधिकारी लोगों को यह समझाने की कोशिश कर रहे थे कि हादसे में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और कुछ लोगों ने रेलवे लाइन के पास पड़े पत्थरों से थाने पर पथराव कर दिया।

 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। पथराव और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने 51 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर की जा रही है।

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई तेज

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीर मानते हुए सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित पाठक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक, थाना मुरसान को निर्देश दिए कि पथराव और जाम में शामिल लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने बताया कि सोमवार को मुरसान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

यह भी पढ़ें: नरवणे की अप्रकाशित किताब लीक कैसे हुई? FIR दर्ज; क्या राहुल तक पहुंचेगी जांच

 

उन्होंने कहा, 'कोतवाली के सामने हंगामा और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस बल तैनात

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ यातायात बाधित करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

इस घटना के बाद मुरसान इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की है।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap