देश में मानसून के लौटने का समय चल रहा है, इसके चलते अगले दो दिन भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मैदानी और पहाड़ी इलाके वाले राज्यों में हल्की से भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने से तापमान में तेजी से गिरावट आई है। दिल्ली में रविवार रात 5 अक्टूबर को धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश हुई थी। सोमवार को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 7 अक्टूबर को भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में तेज बारिश, बिजली गिरने, बर्फबारी और तेज हवाओं को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में कई जगहों पर तेज तूफान के साथ वर्षा और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- कटक में कर्फ्यू, इंटरनेट बैन, चप्पे-चप्पे पर पुलिस, आखिर हुआ क्या है?
उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम का हाल
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने उत्तराखंड में, 48 घंटे तक तेज हवा, गर्जन और बिजली चमकने के साथ वर्षा का दौर बने रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 6 और 7 अक्टूबर को हिमाचल में हिमपात, वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। बदलते मौसम को देखते हुए वैष्णो देवी की यात्रा को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
हिमाचल में पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रे को गाड़ियों के लिए बंद कर दिया गया है। लद्दाख के कारगिल में भी मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। राज्य में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों को दो दिनों तक के लिए बंद करने का आदेश दिया है।
बिहार का हाल
बिहार के 34 जिलों में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर वर्षा होने के भी आसार हैं। सुपौल, अररिया और किशनगंज में भी भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर से वर्षा में कमी के साथ मौसम शुष्क रहने की संभावना बताई है।
यह भी पढ़ें- बगल में खड़े मंत्री ने छींका, ट्रंप का अंधविश्वास बाहर आ गया
बदलते मौसम का कारण
मौसम विभाग ने इस बदलते मौसम का दो कारण बताया है। पहला, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में नमी भरी हवाएं चल रही हैं जिसके टकराने से वर्षा होने की संभावना बन रही है। दूसरा कारण सेंट्रल पाकिस्तान और पंजाब के तरफ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसी कारण पंजाब के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए राज्य में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है।