दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में बारिश के कारण हालत खराब हो गई है। पूरे शहर में बारिश के कारण सड़कों पर गंभीर जलभराव से भारी ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई है। सुबह से ही गुरुग्राम के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बारिश के कारण यह हालात पैदा हुए हैं और प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है। बिगड़ते हालात और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने एक एडवाइजरी कर वर्क फ्रॉम होम की अपील की है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपनी एडवाइजरी में जिले के सभी कॉर्पोरेट और सरकारी दफ्तरों को अपने कर्मचारियों के लिए 25 अगस्त को 'वर्क फ्रॉम होम' लागू करने की सलाह दी है। वहीं, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में बढ़ा गंगा का जलस्तर, सम्राट चौधरी ने की फरक्का के गेट खोलने की मांग
सड़कों पर भरा पानी
गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश के बाद गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड, राजीव चौक, सुभाष चौक, और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख मार्गों और अंडरपासों पर भारी जलभराव देखा गया। पानी भरने के कारण कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे काम पर निकलने वाले यात्रियों को घंटों का सामना करना पड़ा। नगर निगम और नागरिक एजेंसियों को तुरंत जल निकासी पंप स्थापित करने पड़े हैं। गुरुग्राम जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार दोपहर 1:30 बजे तक शहर में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
जाम में फंसे लोग
भारी बारिश के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया है। कई स्थानों पर पानी इतना भर गया कि गाड़ियों का निकालना मुश्किल हो गया। बारिश के पानी में कई स्कूल बसें भी फंस गईं और इससे बच्चों और माता-पिता की परेशानी बढ़ गई। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर गाड़िंयों की लंबी कतारें देखने को मिली। ऑफिस जाने वाले लोग भी घंटों जाम में फंसे हुए नजर आए और शहर के इन हालातों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: ‘गांव में घुसने नहीं देंगे’,सीएम सोरेन के पैतृक गांव में देवेंद्र महतो का विरोध
प्रशासन ने क्या कहा?
जिला उपायुक्त उत्तम सिंह के अनुसार, इस एडवाइजरी का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर ट्रैफिक कम करना है ताकि लोग जाम में ना फंसे। उनका कहना है कि जब सड़कों पर कम गाड़ियां होंगी, तो नगर निगम और आपदा प्रबंधन टीम को जलभराव खत्म करने, बंद पड़े नालों को साफ करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम करने में आसानी होगी।
गुरुग्राम को साइबर सिटी के नाम से जाना जाता है और यहां सैंकड़ों प्राइवेट कंपनियों के ऑफिस हैं। गुरुग्राम जिला प्रशासन ने सभी प्राइवेट कंपनियों, आईटी हब्स और सरकारी ऑफिसों से अपील की है कि वे कर्मचारियों को घर से काम करने की छूट दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने सरकारी और प्राइवेट स्कूलों से अपील की है कि वे फिजिकल मोड में क्लास करने के बजाय ऑनलाइन मोड में क्लास करें ताकि बच्चों और स्टाफ को स्कूल ना आना पड़े। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में गैर जरूरी यात्रा से बचना चाहिए और प्रशासन भी यही अपील कर रहा है।