logo

मूड

ट्रेंडिंग:

हिमाचल पुलिस की नई पहल, नशे के खिलाफ उतरेंगे इन्फ्लुएंसर

अब रील, फोटो और वीडियो के जरिए युवाओं तक चिट्टा मुक्त हिमाचल का संदेश पहुंचेगा, हिमाचल पुलिस ने अपनी नई पहल के तहत कंटेंट क्रिएटर्स को उतारने की योजना बनाई है।

Himachal Police

हिमाचल पुलिस। (Photo Credit-HP Police)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हिमाचल में चिट्टे के खिलाफ लड़ाई अब केवल पुलिस की कार्रवाई, छापेमारी और गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहेगी। इस सामाजिक लड़ाई में अब सोशल मीडिया की रचनात्मक ताकत को भी हथियार बनाया जाएगा। पुलिस चाहती है कि जिस सोशल मीडिया का इस्तेमाल युवा मनोरंजन और लोकप्रियता हासिल करने के लिए कर रहे हैं, उसी मंच से नशे के खिलाफ जागरूकता की ऐसी मुहिम खड़ी हो, जिसका असर सीधे युवाओं और उनके परिवारों तक पहुंचे। इसी सोच के साथ हिमाचल प्रदेश पुलिस ने 'क्रिएट विद एचपी पुलिस' नाम से एक नई पहल शुरू की है।

 

इस पहल के तहत अब प्रदेश के युवा, विद्यार्थी, आम नागरिक और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स पुलिस के साथ मिलकर चिट्टा मुक्त हिमाचल का संदेश प्रसारित करेंगे। इसके लिए पुलिस ने लोगों से मौलिक फोटो, रील और वीडियो आमंत्रित किए हैं।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली बन रही गैस चैंबर, हिमाचल में हर साल घटता जा रहा प्रदूषण, आंकड़ों से समझिए

 

खास बात यह है कि इस अभियान में शामिल होने के लिए किसी बड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर या लोकप्रिय चेहरे का होना जरूरी नहीं है। कोई भी नागरिक अपनी रचनात्मकता और विचारों के माध्यम से इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है।

पुलिस के संदेश को जन आंदोलन बनाने की कोशिश

मुख्यमंत्री के एंटी-चिट्टा जन आंदोलन को अधिक व्यापक बनाने के लिए पुलिस ने यह पहल शुरू की है। इसका मकसद नशे के खिलाफ सरकारी और पुलिस स्तर पर चल रहे जागरूकता प्रयासों को आम लोगों की भागीदारी से जन आंदोलन का स्वरूप देना है।

 

दरअसल, सोशल मीडिया आज युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। रील और शॉर्ट वीडियो के माध्यम से कोई संदेश कुछ ही समय में हजारों लोगों तक पहुंच सकता है। पुलिस इसी प्रभाव का इस्तेमाल नशे के दुष्परिणामों को सामने लाने और युवाओं को चिट्टे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने में करना चाहती है।

 

इस पहल के माध्यम से पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म केवल विभागीय सूचनाओं, अपराधों और पुलिस कार्रवाई की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी के मंच के रूप में विकसित करने की योजना है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा शीतकालीन सत्र में छह से ज्यादा विधेयक, क्या रहेगा एजेंडा?  

17 नवंबर तक भेज सकेंगे अपनी रचनात्मक सामग्री

पहल के पहले चरण में 'मुख्यमंत्री का एंटी-चिट्टा जन आंदोलन' विषय पर प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। मंगलवार से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत इच्छुक प्रतिभागी 17 नवंबर तक अपनी सामग्री भेज सकते हैं। प्रतिभागी इस विषय पर जागरूकता से जुड़ी मौलिक तस्वीरें, रील और वीडियो तैयार कर सकते हैं। सामग्री का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूत करना होना चाहिए।

 

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपनी रचनाएं भेजने वाले प्रतिभागियों को उनके साथ नाम, जिला, संपर्क विवरण और सामग्री का संक्षिप्त परिचय भी देना होगा। प्रविष्टियां मौलिक होनी चाहिए और उनका विषय जनजागरूकता से संबंधित होना चाहिए।

बेहतर काम करने वालों को डीजीपी करेंगे सम्मानित

इस पहल में भाग लेने वाले रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस ने सम्मान की व्यवस्था भी की है। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी लगातार बेहतर और प्रभावशाली योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देंगे। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा। इससे सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने के साथ एक सामाजिक उद्देश्य से जुड़ने का अवसर मिलेगा।


और पढ़ें