logo

मूड

ट्रेंडिंग:

हिमाचल में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, चार साल में 92 करोड़ की संपत्ति जब्त

हिमाचल सरकार ने चिट्टा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए अपनी रणनीति बदली है। विशेष अभियान के तहत 225 कुख्यात तस्कर निरुद्ध किए गए, जबकि 246 पंचायतों पर विशेष निगरानी के तहत 12 हजार लोग चिह्नित किए हैं।  

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, Photo Credit-File Photo

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, Photo Credit-File Photo

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हिमाचल प्रदेश में चिट्टे और दूसरे मादक पदार्थों का कारोबार अब केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं बल्कि सामाजिक संकट का रूप लेता जा रहा है। पहाड़ी राज्य के गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों और शिक्षण संस्थानों तक नशे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सरकार ने अब कार्रवाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी की है। तस्करों की गिरफ्तारी से आगे बढ़कर उनके आर्थिक साम्राज्य, संपत्ति, आपूर्ति नेटवर्क और सामाजिक संपर्कों पर चोट करने की रणनीति अपनाई जा रही है।

 

पिछले चार वर्षों के आंकड़े इस चुनौती की गंभीरता बयां करते हैं। प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7,950 मामले दर्ज किए गए और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा समेत बड़ी मात्रा में अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। वहीं, नशे के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या सरकार के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और आम नागरिकों को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। सरकार अब इस अभियान को पुलिस कार्रवाई से आगे बढ़ाकर जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में काम कर रही है।

तस्करों की गिरफ्तारी से आगे, आर्थिक साम्राज्य पर चोट

नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए सरकार ने अब तस्करों की आर्थिक ताकत को निशाना बनाने की रणनीति अपनाई है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में करीब 92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं। खास बात यह है कि पहली बार नशे के कारोबार से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध निर्माण भी अब कार्रवाई के दायरे में हैं। एनडीपीएस मामलों में आरोपियों से जुड़ी 86 ऐसी संपत्तियों की पहचान की गई है। इनमें से 22 के खिलाफ ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों के निपटारे के लिए विशेष राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है। सरकार का जोर इस बात पर है कि नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति और आर्थिक संसाधनों को खत्म किए बिना तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करना मुश्किल होगा।

2026 में ही 159 कुख्यात तस्कर किए निरुद्ध

नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी तेज की गई है। वर्ष 2023 में इस कानून को लागू करने के बाद अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें से 159 की कार्रवाई अकेले वर्ष 2026 में हुई है।

 

इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर बताया गया है। सरकार ने पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहे। मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, सप्लाई चेन, वित्तीय स्रोतों और दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी पहचान की जाए।

 

यह भी पढ़ें: 1000 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी हिमाचल सरकार, कितनी बदलेगी परिवहन व्यवस्था ? 

246 पंचायतें विशेष निगरानी में, 12 हजार लोग चिह्नित

नशे की समस्या अब गांवों तक पहुंचने के संकेतों के बीच सरकार ने प्रदेश की 246 अत्यधिक प्रभावित पंचायतों को विशेष निगरानी में रखा है। इन पंचायतों में रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्तियों और तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। अब तक करीब 12 हजार लोगों को चिह्नित किया गया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए लोगों को अपराधी मानकर छोड़ने के बजाय उनकी स्थिति के अनुसार उपचार और पुनर्वास से जोड़ना भी है। वहीं, तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह रणनीति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नशे की समस्या से निपटने के लिए तस्करों और नशे के शिकार लोगों के बीच अंतर करना जरूरी है। एक ओर आपूर्ति नेटवर्क को तोड़ना होगा, दूसरी ओर नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को सामान्य जीवन में लौटने का अवसर देना होगा।

सरकारी कर्मचारियों पर भी कार्रवाई, 51 की नौकरी गई

नशे के कारोबार में सरकारी तंत्र से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आने पर सरकार ने शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने की बात कही है। नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। अन्य मामलों में विभागीय कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के अभियान का हिस्सा है।

 

सरकार ने नशे के खिलाफ अभियान को केवल गिरफ्तारी और सजा तक सीमित नहीं रखा है। नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार और पुनर्वास उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया जा रहा है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस के संचालन एवं प्रबंधन के अधीन देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार, आउट-पेशेंट उपचार व्यवस्था का मानकीकरण और सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नशे से प्रभावित लोगों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध करवाना है।

 

यह भी पढ़ें: 1500 रुपये की आस में 8.25 लाख आवेदन, 7.69 लाख महिलाओं को झटका

स्कूल-कॉलेजों में प्रहरी क्लब, 9,677 संस्थान तंबाकू मुक्त

नशे के खिलाफ लड़ाई में शिक्षा संस्थानों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है। स्कूलों और कॉलेजों में एंटी-ड्रग क्लब, प्रहरी क्लब और साथी-शिक्षा कार्यक्रमों को मजबूत किया जा रहा है। जून से अगस्त 2026 के बीच पुलिस अधिकारियों ने 158 स्कूलों को गोद लिया और 332 शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। प्रदेश के करीब 9,677 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे से दूर रखने के लिए स्कूल स्तर पर ही प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।

अब व्हाट्सएप पर दे सकेंगे तस्करी की सूचना

नशा तस्करी के खिलाफ आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार जल्द ही विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए नशा तस्करी से संबंधित जानकारी साझा कर सकेंगे। इस चैटबॉट के जरिए नशे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को उपचार, काउंसलिंग तथा पुनर्वास संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे एक तरफ पुलिस को तस्करी के नेटवर्क के बारे में सूचनाएं मिल सकेंगी, वहीं दूसरी तरफ जरूरतमंद परिवारों को मदद हासिल करने का माध्यम मिलेगा।

वॉकाथॉन से जन आंदोलन बनाने की तैयारी

सरकार अब नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दे रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉकाथॉन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विद्यार्थी, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल और आम नागरिक भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से एंटी-चिट्टा अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उनका कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई को हर गांव, हर पंचायत और हर शिक्षण संस्थान तक पहुंचाना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह या अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।

 

 


और पढ़ें