गिद्ध के टकराने के बाद इंडिगो की फ्लाइट की रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करवानी पड़ी। विमान में 175 यात्री सवार थे। सभी की जान बाल-बाल बची है। घटना सोमवार दोपहर 1:14 बजे की है। इंडिगो के विमान एयरबस 320 को नुकसान पहुंचा है। हालांकि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
रांची हवाई अड्डे के निदेशक आरआर मौर्य ने बताया, "इंडिगो के एक विमान से रांची के नजदीक पक्षी टकरा गया। विमान रांची से लगभग 10-12 समुद्री मील दूर और 3000 से 4000 फुट की ऊंचाई पर था। पक्षी के टकराने की वजह से पायलट को विमान की आपातकालीन लैंडिंग करवानी पड़ी। यह विमान पटना से रांची आ रहा था।'
यह भी पढ़ें: महिला और कोर वोटर्स, अमित शाह ने बताया बंगाल में सरकार बनाने का गणित
निदेशक ने आगे बताया, 'सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन एक गिद्ध के टकराने के बाद विमान में छेद हो गया। इंजीनियर नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।' एयरपोर्ट के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह विमान रांची के बाद कोलकाता जाने वाला था।
टर्बुलेंस में फंसी दिल्ली की फ्लाइट
रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी से नई दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंस गई। दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के कारण पायलट को लैंडिंग कराने से पहले फ्लाइट को हवा में ही उड़ाना पड़ा। बाद में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से क्लियरेंस मिलने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई, लेकिन उससे पहले उसे कई चक्कर आसमान में ही काटने पड़े। फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें सभी यात्री बेहद डरे हुए दिखे।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर: नाबालिग रेप पीड़िता एंबुलेंस में पड़ी रही और जान चली गई
21 मई को दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट भी टर्बुलेंस में फंसी चुकी है। पंजाब के पठानकोट के पास खराब मौसम में फ्लाइट फंस गई थी। तेज झटके लगने से यात्रियों में खौफ का माहौल पैदा हो गया। वायरल वीडियो में यात्री चीखते और प्रार्थना करते दिखे। बाद में एटीसी से अनुमति मिलने के बाद विमान को श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा गया। टर्बुलेंस से विमान के अगले हिस्सों को नुकसान पहुंचा था। बता दें कि इंडिगो के पायलट ने लाहौर एटीसी से भी विमान उतारने की अनुमति मांगी थी, लेकिन पाकिस्तान ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।