दिल्ली में अचानक हुई बारिश और खराब मौसम की वजह से हवाई सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंडिगो एयरलाइन ने मंगलवार (7 अप्रैल, 2026) को बताया कि खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के आने-जाने पर बुरा असर पड़ा है। इस वजह से कई फ्लाइट्स अपने तय समय से काफी देरी से चल रही हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस एक बार जरूर चेक कर लें ताकि उन्हें एयरपोर्ट पर जाकर परेशान न होना पड़े।
इंडिगो ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि दिल्ली के आसमान में छाए घने बादलों और बारिश की वजह से विमानों के संचालन में दिक्कत आ रही है। कंपनी ने कहा कि उनकी टीमें एयरपोर्ट पर यात्रियों की मदद के लिए मौजूद हैं और वे कोशिश कर रहे हैं कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। यात्रियों से कहा गया है कि वे इंडिगो की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर अपनी उड़ान की ताजा जानकारी ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें: SSB जवान ने साथी की नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, हो गया गिरफ्तार
बारिश का हाल
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और बिजली कड़कने की चेतावनी देते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मंगलवार की सुबह से ही दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बारिश शुरू हो गई थी। सुबह 8:30 बजे तक आयानगर में 3 मिमी, पालन में 1.4 मिमी, लोधी रोड में 1 मिमी और सफदरगंज में 0.4 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है।
हवा की स्थिति
दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान (सबसे कम तापमान) 20.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। सुबह 10:30 बजे तक तापमान 30.88 डिग्री तक पहुंच गया था। आज दिन भर हवा की रफ्तार करीब 29 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है और हवा में नमी का स्तर 29% दर्ज किया गया है। आज सुबह सूरज 6:04 बजे निकला और शाम को 6:41 बजे सूर्यास्त होगा।
यह भी पढ़ें: अचानक घर लौटा तो पत्नी को भाई को साथ देख लिया, दोनों ने हमलाकर काट डाला अंगूठा
कल कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
आने वाले कल यानी बुधवार (8 अप्रैल,2026) को भी राहत की उम्मीद कम है। कल का न्यूनतम तापमान 20.58 डिग्री और अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री के आसपास रह सकता है। कल हवा में नमी बढ़कर 37% हो सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही अपने काम या सफर की योजना बनाएं।