पंजाब के पटियाला में 19 नवंबर गुरुवार की सुबह भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पटियाला-संगरूर बाईपास पर पसियाना गांव के नजदीक बना यह पुल भरभराकर गिर गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय दो ट्रक मौके से गुजर रहे थे। जो उसी हिस्से में जाकर फंस गए।
हादसे के कुछ ही समय बाद फंसे हुए ट्रकों में से एक में अचानक आग लग गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस पूरी घटना में किसी के चोटिल होने या जान जाने की खबर नहीं है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में नशे का ग्राफ चिंताजनक, सिरसा में सबसे ज्यादा ग्रस्त
दमकल विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया और राहत का काम शुरू किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मेहनत के बाद ट्रक में लगी आग को बुझाया। इससे आग को फैलने और किसी बड़े नुकसान से रोका जा सका।
स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम उठाते हुए हालात को नियंत्रित किया। सुबह-सुबह हुए इस हादसे को देखने और मदद के लिए आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में नहर के पास जमा हो गए। इस कारण हादसे वाली जगह पर कई लोगों की भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें: अखिलेश की रैली में बड़ा हादसा, बुलडोजर के नीचे आने से BJP नेता के बेटे की मौत
ट्रैफिक पर पड़ सकता है असर
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि लोहे का यह पुल अचानक किस वजह से गिरा, प्रशासन इसके सही कारणों का पता लगाने में जुटा है। वहीं, नहर पर बने इस पुल के टूट जाने की वजह से पटियाला-संगरूर बाईपास पर गाड़ियों के आने-जाने और ट्रैफिक प्रभावित होने की पूरी आशंका है।