पटियाला में शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक को सोमवार की रात धमाके के साथ बम से उड़ाने की कोशिश थी लेकिन समय रहते ही पुलिस ने धमाके की इस कोशिश को नाकाम कर दिया। इस मामले में पटियाला पुलिस ने पाकिस्तान के ISI समर्थित खालिस्तानी समर्थक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। रेलवे ट्रैक को उड़ाने के लिए आतंकियों ने एक छोटा धमाका किया था।
यही मॉड्यूल शंभू के पास रेलवे ट्रैक पर देर रात बड़ा धमाका करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने चार कट्टरपंथी आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उनके पास से भारी मात्रा में आतंकवादी हार्डवेयर बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: 'वह सिंहम है तो मैं पुष्पा हूं', TMC समर्थकों का IPS अजय पाल के खिलाफ प्रदर्शन
चार आतंकी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मानसा के प्रदीप सिंह खालसा, मानसा के गांव बप्पियाना के कुलविंदर सिंह उर्फ बग्गा, तरन तारन के पंजवार के सतनाम सिंह उर्फ सत्ता और तरन तारन के गोइंदवाल बाईपास के गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं।
आरोपियों के पास से क्या मिला?
पुलिस ने इनके पास से एक हैंड ग्रेनेड, दो .30 बोर पिस्टल के साथ गोला-बारूद, धमाकों में इस्तेमाल होने वाले टेक्निकली एडवांस्ड कम्युनिकेशन डिवाइस और लैपटॉप शामिल बरामद किया है। इसी लैपटॉप से आरोपी अपने हैंडलर से बात करते थे। पटियाला रेंज के DIG कुलदीप चहल और SSP पटियाला वरुण शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि रेलवे ट्रैक पर देर रात धमाके की कोशिश के लिए जिम्मेदार एक टेरर मॉड्यूल का रिकॉर्ड 12 घंटे के अंदर पता चल गया।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का पुतला फुंकते हुए झुलसीं BJP विधायक, हॉस्पिटल पहुंच गए सपा प्रमुख
प्रदीप सिंह खालसा आतंकी मॉड्यूल का सरगना
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप सिंह खालसा इस आतंकी मॉड्यूल का मुख्य सरगना है। वह मलेशिया के खालिस्तान समर्थित आतंकवादियों के साथ-साथ पाकिस्तान से हथियार सप्लायर के भी करीबी संपर्क में था। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रदीप सिंह खालसा कट्टरपंथी युवाओं को टेरर ट्रेनिंग के लिए मलेशिया भेजता था और फिर उन्हें आतंकी गतिविधियां करने के लिए काम सौंपता था। साथ ही आरोपी ने 'चलदा वहीर चक्रवर्ती, अत्तारिए' नाम से एक कट्टरपंथी संगठन भी बनाया है।
डीआईजी कुलदीप चहल ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों ने शंभू रेलवे स्टेशन की मेन लाइन पर कम इंटेंसिटी वाला IED ब्लास्ट किया था। जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सरकारी संपत्तियों पर और हमले करने की तैयारी कर रहे थे।