जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के एक जंगली इलाके में एंटी-टेरर ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को ढेर कर दिया है। सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली कि उधमपुर के ब्रत्तल इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। इसके तुरंत बाद इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। सेना ने आज सुबह यह जानकारी दी।
बता दें कि इलाके में तलाशी के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों की मूवमेंट की जानकारी मिलने के सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
यह भी पढ़ें: पहले मारा, फिर जबरन बुलवाया 'जय भीम', करणी सेना के नेता खूब पिटे
इंडियन आर्मी की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने क्या बताया?
इस ऑपरेशन का नाम था 'ऑपरेशन सोहन'। इंडियन आर्मी की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सोहन में अब तक 2 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। पोस्ट में लिखा कि 16 से 17 सितंबर 2026 की दरमियानी रात को एक जॉइंट इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन में कन्फर्म इनपुट्स से उधमपुर के ब्रटल इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी का इशारा मिला था।
खराब मौसम, मुश्किल इलाके में चला ऑपरेशन
व्हाइट नाइट कॉर्प्स जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने यह टारगेटेड काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशन शुरू किया था। खराब मौसम, मुश्किल इलाके और खराब विजिबिलिटी के बावजूद यह ऑपरेशन पूरी रात चला, जिसमें सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को ढेर कर दिया है। सेना ने जानकारी दी है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है। इलाके में सर्च और सर्विलांस ऑपरेशन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'पिंजरे में बंद तोता, पिटबुल बन जाता है...', किस ओर है चिदंबरम का इशारा?
कौन हैं मारे गए दोनों आतंकी?
बता दें कि यह ऑपरेशन भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ (CRPF) ने मिलकर चलाया गया था, इसमें 2 आतंकी मारे गए हैं। शुरुआती इनपुट के मुताबिक मारे गए दोनों आतंकवादी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) संगठन से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, मारे गए दोनों आतंकवादियों की पहचान अभी तक आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।