बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने 11,900 लीटर पेट्रोल बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मानसी थाना क्षेत्र के ठाठा गांव में की। यहां नेशनल हाईवे-31 के किनारे एक झोपड़ीनुमा गोदाम में पेट्रोल का अवैध भंडारण किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पेट्रोल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए। गोदाम बाहर से देखने में बिल्कुल साधारण था, लेकिन इसके अंदर टैंकर से पेट्रोल चोरी कर जमा किया जा रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से पेट्रोल चोरी और अवैध भंडारण के मामले का खुलासा हुआ है। खगड़िया के एसपी के निर्देश पर जिले में संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्यवाई के इसी क्रम में 25 नवंबर 2026 को मानसी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ठाठा गांव में NH-31 के किनारे बने एक झोपड़ीनुमा गोदाम में टैंकर से पेट्रोल चोरी कर जमा किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने तुरंत गोदाम में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पूरे गोदाम को घेर लिया।
11,900 लीटर पेट्रोल बरामद
छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर प्लास्टिक की कई टंकियों में रखा 11,900 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से पेट्रोल चोरी में इस्तेमाल होने वाला एक गैस कटर, एक समरसेबल पंप और करीब 20 फीट पीवीसी पाइप भी जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, टैंकर से पेट्रोल निकालने के लिए गैस कटर और पंप का इस्तेमाल किया जाता था। पहले टैंकर को गोदाम के पास रोका जाता था। इसके बाद पाइप की मदद से पेट्रोल निकालकर प्लास्टिक की टंकियों में भर लिया जाता था।
गोदाम में चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस के जानकारी के मुताबिक, गोदाम के मालिक का नाम रितेश बताया गया है। इसी गोदाम में अवैध रूप से तेल चोरी का खेल चल रहा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि रितेश अकेले इस धंधे में शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। इलाके के लोगों का कहना है कि गोदाम में रात के समय टैंकर आते-जाते देखे जाते थे। लोगों को शक तो था, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों में चर्चा का बाजार गर्म है।
यह भी पढ़ें: PM-CM के पोस्टर फाड़े, 3 गिरफ्तार, RJD बोली- 'हमें बदनाम किया जा रहा है'
कहां से आया इतना पेट्रोल?
इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या 348/26, को दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 318, 227 एवं 3(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इतनी बड़ी मात्रा में पेट्रोल की बरामदगी के बाद इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि पेट्रोल कहां से लाया जाता था और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। हालांकि, जारी प्रेस विज्ञप्ति में किसी आरोपी की गिरफ्तारी का उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस की आगे की जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: नेशनल हाइवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
जिले में अवैध धंधों पर पुलिस की सख्ती
खगड़िया पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल चोरी जैसे अपराधों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। NH-31 पर चलने वाले टैंकरों की भी अब निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या टैंकर चालक भी इस गिरोह में शामिल थे और वे रास्ते में पेट्रोल बेचते थे। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध तेल कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।