बिहार के किशनगंज में निकाह से एक दिन पहले दुल्हन का शव उसके होने वाले पति के घर के पीछे खेत में मिला। मामला पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र की पड़लावारी पंचायत के कालासिंगिया गांव का है। युवती की पहचान 23 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। मुस्कान का निकाह 16 नवंबर को होना था और इसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था और घर में खुशी का माहौल था। मुस्कान का निकाह गांव के ही एक युवक से तय हुआ था, लेकिन निकाह से ठीक एक दिन पहले यह घटना सामने आ गई। मुस्कान के मां ने दुल्हे के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, मुस्कान एक दिन पहले भोर से ही अपने घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। परिजनों ने पहले सोचा कि वह किसी काम से बाहर गई होगी। लेकिन जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास के गांवों में भी उसकी तलाश की। इसी दौरान दूसरे दिन उसका शव उसी युवक के घर के पीछे स्थित खेत में जमीन के अंदर दफनाया हुआ मिला, जिससे उसका निकाह होने वाला था। शव को जमीन के अंदर दबाया गया था। ऊपर से मिट्टी डालकर उसे छिपाने की कोशिश की गई थी। लेकिन मिट्टी ताजी होने की वजह से लोगों को शक हुआ।
दुल्हे के परिवार पर लगा आरोप
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहाड़कट्टा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मृतका की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि उनकी बेटी की हत्या उसी युवक और उसके परिवार वालों ने की है, जिससे उसका निकाह होने वाला था। मां का कहना है कि निकाह को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। दहेज को लेकर भी बातचीत हो रही थी।
पुलिस ने शव को जमीन से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य भी जुटाए हैं। घटना के बाद से होने वाला पति और उसके परिवार के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: 50 हजार की रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा
'दहेज या प्रेम प्रसंग का मामला'
इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। कोई इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रहा है, तो कोई दहेज हत्या का। कुछ लोगों का कहना है कि मुस्कान का किसी और युवक से भी प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी वजह से उसकी हत्या की गई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा। पुलिस ने मृतका के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है। मुस्कान की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है, उन्हें इंसाफ चाहिए।
यह भी पढ़ें: बिहार सरकार और DCLR का बोर्ड लगाकर शराब तस्करी, 216 लीटर शराब के साथ 3 गिरफ्तार
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
किशनगंज के एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना से हैरान हैं। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। शादी के लिए लाए गए सामान वैसे ही पड़े हैं।