logo

ट्रेंडिंग:

'RJD में लालू की कोई वैल्यू नहीं', तेजप्रताप ने अब कौन सा धमाका कर दिया?

तेजप्रताप यादव ने कहा कि जनशक्ति जनता दल ही लालू प्रसाद यादव की असली पार्टी है। आरजेडी में अब कार्यकर्ताओं का कोई मान-सम्मान नहीं रहा। वहीं पार्टी में लालू प्रसाद यादव की अब चलती भी नहीं है।

Tej Pratap Yadav

तेजप्रताप यादव। ( Photo Credit: X/@TejYadav14)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

संजय सिंह, पटना। परिवार और पार्टी से निकाले जाने के बाद लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से राजद के भीतर पांच जयचंदों के नामों को पहली बार उजागर किया है। वहीं अनुष्का यादव से भी तेजप्रताप ने अपना पल्ला झाड़ लिया है। उनका दावा है कि जयचंदों ने यह साजिश जान बूझकर रची थी। तेजप्रताप ने ऐलान किया है कि वह जल्द पूरे बिहार में पदयात्रा करेंगे, ताकि पार्टी संगठन को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि आरजेडी में लालू प्रसाद यादव को कोई वैल्यू नहीं है।

अनुष्का प्रकरण से पल्ला झाड़ा 

पिछले साल तेजप्रताप यादव की अनुष्का के साथ कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। बाद में लालू प्रसाद यादव ने तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। अब सोशल मीडिया पर चर्चा है कि अनुष्का यादव एक बच्ची की मां बन गई है। तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया कि जयचंद इस प्रकरण में भी मुझे घसीटने का प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैली अफवाह से मुझे परेशान करने करने की कोशिश की जा रही है। इन अफवाहों की पूरी जांच होनी चाहिए। 

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप के साथ ट्रेड डील से खुश नहीं, सतर्क रहने की जरूरत, द. कोरिया को मिला सबक

 

जयचंदों के गिनाए नाम

तेजप्रताप यादव ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर उन लोगों के नाम का खुलासा किया, जिन्हें पिछले एक साल से वह जयचंद बता रहे हैं। तेजप्रताप ने कहा कि मैं जिन जयचंदों की बात कर रहा हूं, उनमें मुकेश रौशन, संजय यादव, शक्ति सिंह यादव, रमीज और सुनील सिंह शामिल हैं। संजय यादव आरजेडी से राज्यसभा के सदस्य हैं। सुनील सिंह भी राजद कोटे से विधान पार्षद है। उन्हें लोग राबड़ी देवी का मुंह बोला भाई भी कहते हैं। रमीज तेजस्वी यादव के मित्र हैं, जबकि मुकेश रौशन और शक्ति सिंह यादव पूर्व विधायक हैं। तेजप्रताप ने कहा कि इन्हीं लोगों ने मेरा फेसबुक अकाउंट हैक कर मुझे बदनाम करने की नीयत से अनुष्का की कुछ तस्वीरों को वायरल किया था। अब ये जयचंद फिर से मुझे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। 

विधान पार्षद को दिया खुला चैलेंज 

तेजप्रताप यादव ने अपने मुंह बोले मामा सुनील सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि ऐसे ही जयचंदों के कारण आरजेडी इस बार 25 सीट पर आ गई। अगले चुनाव में पार्टी जीरो पर आ जाएगी। उन्होंने कहा कि अब आरजेडी में लालू यादव की कुछ नहीं चलती है। लालू यादव के छत्रछाया के कारण ही सुनील सिंह राजनीति में आगे बढ़े। जब इस मामले में सुनील सिंह से पूछा गया तो उन्होंने तेजप्रताप यादव को बच्चा बताकर मामले को टालने की कोशिश की।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल SIR मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा- काम में बाधा बर्दाश्त नहीं

 

होली के बाद करेंगे पदयात्रा 

तेजप्रताप यादव ने इस बात की घोषणा की है कि होली के बाद वे पूरे प्रदेश में पदयात्रा करेंगे। पदयात्रा का उद्देश्य अपनी पार्टी और संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आरजेडी में कार्यकर्ताओं का मान सम्मान नहीं रह गया है। बड़ी संख्या में आरजेडी के लोग टूटकर जनशक्ति जनता दल में शामिल हो रहे हैं। लोगों को यह बात अच्छी तरह से समझ में आ गई है कि जनशक्ति जनता दल ही लालू यादव की असली पार्टी है। उन्होंने कहा कि आरजेडी का जनाधार पूरे प्रदेश में धीरे-धीरे घटता जा रहा है।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap