उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बीते 16 नवंबर को करीब 25 दिनों की तलाश के बाद एक तेंदुआ पकड़ा गया था। अब पड़ोसी जिले गाजीपुर के एक गांव में भी तेंदुए देखे जाने से लोग डरे हुए हैं। जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में नर और मादा तेंदुए देखे गए हैं। इसके बाद वन विभाग की टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
गांव के कोटेदार खूबे लाल सिंह और अवध राज सिंह के घर के पास तेंदुए दिखाई दिए थे। घर के बच्चों ने उन्हें अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अगले दिन तस्वीरें सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। इससे दो दिन पहले धान की कटाई कर रहे एक हार्वेस्टर चालक ने भी खेत में एक साथ तीन तेंदुए देखने की बात कही थी। हालांकि, तब लोगों ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया था। अब तस्वीरें सामने आने और खेतों की गीली मिट्टी में पगचिह्न मिलने के बाद ग्रामीण डरे हुए हैं।
तेंदुओं के दिखने की सूचना मिलने पर शुक्रवार देर रात आजमगढ़ और सैदपुर से वन विभाग की टीमें भरतपुर गांव पहुंचीं। टीम ने टॉर्च और दूसरे उपकरणों की मदद से खेतों और झाड़ियों में तलाशी ली। यह अभियान रातभर चला और शनिवार सुबह भी जारी रहा। इस दौरान खेतों में तेंदुओं के पगचिह्न मिले।
शहरी, रिहायशी इलाकों से आ रहे हैं तेंदुए?
वन्यजीव विशेषज्ञों और स्थानीय जानकारों के अनुसार जंगलों के सिकुड़ने, पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक आवास में कमी आने से तेंदुओं के विचरण क्षेत्र में बदलाव आया है। फसलों की कटाई और घने खेतों की आड़ लेकर ये वन्यजीव सुरक्षित ठिकाने और आसान शिकार की तलाश में गांवों व कस्बों की ओर रुख कर रहे हैं।
वाराणसी के रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखने और अब गाजीपुर के गांवों में इसकी पुष्टि होने से यह साफ हो गया है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष का दायरा बढ़ रहा है। शहरी और आबादी वाले इलाकों के करीब सड़क मार्गों, बागों और नहर-खेतों के कॉरिडोर के सहारे ये भटककर रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: पौड़ी में खाई में गिरी ईको गाड़ी, ड्राइवर समेत 7 की मौत; 5 घायल
वन विभाग का क्या कहना है?
सैदपुर के क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) रमेश कुमार मौर्या ने बताया कि पगचिह्नों और स्थिति के आकलन के आधार पर क्षेत्र में नर और मादा तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पूरा स्टाफ तैनात कर दिया गया है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए एहतियातन पिंजरा भी मंगाया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात के समय अकेले खेतों की ओर न जाने और बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित रखने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य सेवाओं में वाराणसी की हैट्रिक, 0.77 स्कोर के साथ यूपी में अव्वल
वाराणसी की घटना से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि कुछ ही समय पहले वाराणसी में भी रिहायशी इलाके के पास तेंदुआ देखे जाने से भारी दहशत फैल गई थी, जिसे वन विभाग की टीम ने कई दिनों के रेस्क्यू ऑपरेशन और कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ने में सफलता पाई थी। अब गाजीपुर के ग्रामीण इलाकों में तेंदुओं का कुनबा दिखने से आसपास के गांवों में भी भय का माहौल बना हुआ है।