उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। शासन ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया। आलोक सिंह आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत का स्थान लेंगे, जो 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। खास बात यह है कि आलोक सिंह जनवरी 2027 में पुलिस सेवा से रिटायर हो जाएंगे, लेकिन इसके बाद भी अगले दो साल तक आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।
आलोक सिंह 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह पीएसी के महानिदेशक और यूपी स्पेशल पुलिस के डीजी का कार्यभार संभाल रहे हैं। जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वह कानपुर जोन के एडीजी, मेरठ रेंज के आईजी और कानपुर के एसएसपी व आईजी जैसे अहम पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें: '10 लाख दो, नहीं तो टेंडर रद्द...', 3 लाख की रिश्वत लेते बिहार का अधिकारी अरेस्ट
वीरता और विशिष्ट सेवा के लिए मिल चुके हैं कई पदक
आलोक सिंह को पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2003 में पुलिस वीरता पदक, 2012 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और 2020 में उत्कृष्ट सेवा पदक दिया गया था। वर्ष 2021 में उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक मिला। वहीं, 2026 में उन्हें अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
चारों प्रमुख भर्ती आयोगों और बोर्डों की कमान IPS अधिकारियों के पास
आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश के चारों प्रमुख भर्ती आयोगों और बोर्डों की कमान आईपीएस अधिकारियों के हाथों में आ गई है। इससे पहले उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत संभाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की कमान पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार के पास है, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजीपी एसबी शिरडकर हैं।
यह भी पढ़ें: बैंक में मदद का झांसा, असली नोट लेकर थमाते थे कागज; मुठभेड़ में 3 गिरफ्तार
हर साल हजारों पदों पर भर्ती करता है आयोग
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रदेश में पीसीएस, पीसीएस न्यायिक, समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एआरटीओ समेत बिजली और स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित करता है। आयोग के माध्यम से हर साल करीब 15 से 20 हजार पदों पर भर्तियां की जाती हैं।
भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता, समयबद्ध आयोजन और नकल व पेपर लीक जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाना आयोग के सामने बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे में आयोग की कमान वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को सौंपे जाने को भर्ती व्यवस्था में प्रशासनिक सख्ती और परीक्षा की शुचिता से जोड़कर देखा जा रहा है।