मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। हादसा बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर पंचकवासा गांव के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ। उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही मारुती ईको वैन को गलत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग गुजरात के वडोदरा के रहने वाले थे। वे उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लोट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दो शवों को बाहर निकालने के लिए ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल CM ने कई जिलों को दी बड़ी सौगात, बदलेगी इन अस्पतालों की सूरत
कैसे हुआ यह हादसा?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ईको वैन उज्जैन से गुजरात की तरफ जा रही थी। इसी दौरान लोहे का सामान लेकर उज्जैन की ओर जा रहा ट्रेलर गलत दिशा में पहुंचा गया। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर GJ 39 DB 9248 और ईको वैन का नंबर GJ 17 CK 6134 बताया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम करीब 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई। तहसीलदार सुरेश नागर और SDM प्रियंक मिमरोड भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था। इसी वजह से शवों को निकालने में काफी समय लगा। पुलिस ने मौके पर जरूरी कार्रवाई पूरी की।
यह भी पढ़ें: 'अंग्रेजों ने सबसे कड़ी सजा किसको दी', सावरकर से जुड़े सवाल पर केरल में हंगामा
पुलिस ने परिवारों को दी सूचना
पुलिस ने सभी छह मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस अब हादसे की वजह की जांच कर रही है और मौके से फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है।