महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कपल ने अपने एक महीने के बच्चे को 1 लाख रुपये से ज्यादा में बेच दिया। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को बेचने के पीछे कोई आर्थिक मजबूरी नहीं थी। कपल ने अपने शौक पूरे करने के लिए यह कदम उठाया। बच्चे को बेचकर मिले पैसों से उन्होंने महंगे मोबाइल फोन और सोने की चेन खरीदी।
मामले का खुलासा 20 सितंबर को हुआ। बच्चे की मां ने पुलिस में शिकायत की थी कि उसके साथ मारपीट की गई है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि माता-पिता ने अपने एक महीने के बेटे को बेच दिया है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि बच्चा छत्रपति संभाजीनगर से करीब 550 किलोमीटर दूर हैदराबाद पहुंच चुका है। पुलिस ने वहां से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें: मकबरा, कंकाल और मेडिकल औजार..., 600 साल पहले कैसे होती थी सर्जरी? खुला राज
चार बार बदले बच्चे के खरीदार
पुलिस के मुताबिक, बच्चे की खरीद-फरोख्त एक-दो बार नहीं बल्कि चार बार हुई। बच्चे के माता-पिता मुकुंदवाड़ी इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। उन्होंने बच्चे को सीमा रेशवाल नाम की बिचौलिया को 1.2 लाख रुपये में बेच दिया। इसके बाद सीमा ने बच्चे को पडेगांव की रहने वाली संगीता आव्हाड को 2.7 लाख रुपये में बेच दिया। संगीता ने बच्चे को कथित फर्जी डॉक्टर सुरेश गुंटुका के हाथों 3.5 लाख रुपये में बेच दिया। इसके बाद बच्चे को हैदराबाद में रहने वाली उमा खटकम को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस तरह बच्चा चार लोगों के बीच होता हुआ हैदराबाद पहुंच गया।
बच्चे के हैदराबाद पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची। टीम ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस अब उसे महाराष्ट्र वापस लाने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले की जांच पुंडलिकनगर पुलिस इंस्पेक्टर विवेक सोनावणे की अगुवाई में चल रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बच्चे को खरीदने-बेचने वाले लोगों का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्या उन्होंने पहले भी इस तरह की कोई वारदात की है।
यह भी पढ़ें: 'मेरी मां ने मेरे दोस्तों के घर गुंडे भिजवाए', IAS नीलम मीणा के बेटे का दावा
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बच्चे के माता-पिता, बिचौलियों सीमा रेशवाल और संगीता आव्हाड, कथित फर्जी डॉक्टर सुरेश गुंटुका समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। बच्चे के माता-पिता और चार बिचौलियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बच्चे को बेचने से मिले पैसों से खरीदे गए दो महंगे मोबाइल फोन और सोने की चेन भी बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।