उत्तर प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव करते हुए 28 IPS अफसरों की तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस लिस्ट में पुलिस कमिश्नर से लेकर ADG, DIG और कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP/ASP) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सबसे अहम बदलाव राज्य के चार कमिश्नरेट शहरों में देखने को मिला है। इसमें खासकर गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नरों की आपस में अदला-बदली की गई है। लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद और जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान मिली है।
इसके अलावा वाराणसी के पुलिस कमिश्नर रहे मोहित अग्रवाल को अब प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। जबकि प्रयागराज के कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में एडीजी स्थापना की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: काशी तमिल संगमम 5.0 का होगा शुभारंभ, CM योगी आदित्यनाथ करेंगे समारोह का शुभारंभ
चार कमिश्नरेट के प्रमुख बदले
सरकार ने बड़े शहरों की पुलिस व्यवस्था को नए सिरे से संभालने के लिए कमिश्नरेट प्रणाली वाले जिलों में अनुभवी चेहरों को तैनात किया है। 1997 बैच के IPS मोहित अग्रवाल वाराणसी की जगह अब प्रयागराज के पुलिस आयुक्त होंगे। वहीं, लखनऊ रेंज के आईजी रहे किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को अब गाजियाबाद भेजा गया है। जबकि गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त रहे जे. रविंदर गौड़ अब गौतमबुद्धनगर के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। प्रयागराज से हटाए गए पीयूष मोर्डिया को लखनऊ मुख्यालय में ADG स्थापना बनाया गया है।
जोन और रेंज के बड़े अधिकारियों में भी बदलाव
कमिश्नरेट के अलावा सरकार ने कई जोन और रेंज के ADG और डीआईजी स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी बदल दिए हैं। बरेली जोन के ADG रमित शर्मा को अब लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं लखनऊ जोन के ADG प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।
अलीगढ़ के DIG प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज, सहारनपुर के DIG अभिषेक सिंह को आगरा रेंज और आगरा के DIG शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ रेंज का नया DIG बनाया गया है। इसके साथ ही तकनीकी सेवाएं मुख्यालय में तैनात DIG आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज भेजा गया है।
अयोध्या-मुरादाबाद के SSP और कई DCP के तबादले
जिले के कप्तानों और कमिश्नरेट में तैनात DCP की लिस्ट में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है, जबकि मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अब अयोध्या की कमान संभालेंगे।
कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को एसपी (डीजीपी मुख्यालय, लखनऊ), प्रीति यादव को सेनानायक (15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा) और आकाश तोमर को एसपी (पुलिस अकादमी, मुरादाबाद) के पद पर तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा: 2027 के लिए अभी से तैयारी, यह होगा नया वैकल्पिक रास्ता
पुराने तबादले रद्द कर दी गई नई जिम्मेदारी
सरकार ने 2020 बैच के तीन IPS अफसरों के पहले जारी किए गए तबादला आदेशों को रद्द करते हुए उन्हें नई जगह तैनात किया है। इसके तहत पुनीत द्विवेदी को गाजियाबाद, नीतू को लखनऊ और अमित कुमावत को आगरा में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) बनाया गया है। इसके अलावा पीएसी में तैनात सेनानायकों को भी नई जिम्मेदारियां मिली हैं।
- नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी, पीटीसी सीतापुर
- डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को एसपी, कारागार प्रशासन लखनऊ
- त्रिभुवन सिंह को एसपी, जीआरपी मुख्यालय लखनऊ
- राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी, अभिसूचना मुख्यालय
- सुशील कुमार शुक्ला को एसपी, पीटीएस गोरखपुर
- अजीत कुमार सिन्हा को एसपी, पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ