उत्तर प्रदेश के जिला वाराणसी में यूपी एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली बृजेश गंजू उर्फ गोपाल सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया। रामनगर इलाके में लंका मैदान के पास हुई इस कार्रवाई के दौरान बृजेश ने एटीएस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बृजेश गंजू झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर बताया गया है। करीब आठ साल पहले एनआईए ने उसे टेरर फंडिंग के मामले में वांटेड घोषित किया था। उस पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये और एनआईए की तरफ से 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
यह भी पढ़ें: मां-बाप करते थे रेकी और बेटे से कराते थे चोरी, 20 लाख के जेवर बरामद
ATS ने रोका, पिस्टल से शुरू कर दी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, बृजेश गंजू अपने एक साथी के साथ बाइक से वाराणसी से मुगलसराय की ओर जा रहा था। इसी दौरान एटीएस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। डिप्टी एसपी विपिन राय के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से बृजेश ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर एटीएस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान बृजेश की गोली एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
साथी बाइक लेकर फरार
एटीएस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने के बाद बृजेश सड़क पर गिर गया। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया। एटीएस टीम ने घायल बृजेश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: प्रेमिका से मिलने पहुंचा था प्रधान का बेटा, इतना पीटा गया कि जान चली गई
चतरा के लावालौंग का रहने वाला था बृजेश
बृजेश गंजू झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग इलाके का रहने वाला था। वह नक्सली संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम करता था। बताया गया है कि वह ट्रांसपोर्टरों, कोयला खनन कंपनियों और ठेकेदारों से वसूली करता था। उसके खिलाफ टेरर फंडिंग समेत कई मामलों में जांच चल रही थी। करीब आठ साल पहले उसके घर की कुर्की भी की गई थी। एनआईए की ओर से उसे टेरर फंडिंग केस में वांटेड घोषित किए जाने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं। अब वाराणसी में यूपी एटीएस के ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई।