logo

मूड

ट्रेंडिंग:

ChatGPT से बनाया NEET का फर्जी पेपर, 100-200 रुपये में बेचा, अब हो गया गिरफ्तार

21 जून को NEET की परीक्षा दोबारा हुई थी। इस केस में एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया गया है जो ChatGPT से फर्जी पेपर बनाकर बेच रहा था। 

ai generated image of a man creating a paper using ai

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

पेपर लीक के बाद नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेस टेस्ट (NEET) की परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की गई। इस बार तमाम सख्ती अपनाई गई और पेपर में गड़बड़ी को रोका गया। इस सबके बीच एक लॉ स्टूडेंट को फर्जी पेपर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में यह छात्र 100 से 200 रुपये में NEET का एक कथित पेपर बेच रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद बता चला है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ChatGPT से यह पेपर बनाया था। उसने लोगों को बताया कि यही असली पेपर है और यही पेपर उसने लगभग 25 लोगों को बेच दिया। अब उसे 3 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।

 

इंदौर में अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय मालवीय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह शहर के कनाड़िया क्षेत्र का निवासी है और लॉ से ग्रेजुएशन कर रहा है। बता दें कि पिछली बार इसी तरह टेलीग्राम और अन्य ऐप्स के जरिए पेपर बेचा गया था और बाद में इसके पीछे कई लोगों के नाम सामने आए थे। इस केस में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े कई अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में ऐसे प्रोफेसर भी शामिल हैं जिनका काम NEET के पेपर के लिए सवाल बनाने का था।

 

यह भी पढ़ें: 8 लाख करोड़ की उधारी, कमाई कम, कैसे 'विकसित बांग्ला' बनाएंगे CM शुभेंदु?

इंस्टाग्राम पर मैसेज करके बेच रहा था पेपर

डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया, 'आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लोगों को मैसेज भेजकर झांसा दिया कि उसके पास NEET का पेपर मौजूद है। हालांकि, उसने लोगों को जो पेपर दिया उसका NEET परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र से कोई संबंध नहीं था।’ उन्होंने बताया कि अक्षय मालवीय ने ChatGPT से फर्जी पेपर तैयार किया और उसे NEET का असली पेपर बताकर लोगों को बेचा। इस तरीके से आरोपी ने ज्यादातर लोगों से 100 से 200 रुपये तक की रकम वसूली।’ डीसीपी  त्रिपाठी ने बताया कि अब तक करीब 25 लोगों से पैसे लिए जाने के सबूत मिले हैं। हालांकि, विस्तृत जांच के दौरान यह संख्या बढ़ सकती है।

 

यह भी पढ़ें: 6 बागी ही नहीं, महाराष्ट्र के सभी MP अपनी सांसद निधि खर्च करने में फिसड्डी

 

DCP के मुताबिक, अक्षय मालवीय के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बता दें कि मेडिकल कोर्सेज में एडमिशन के लिए NEET-UG परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी लेकिन पेपर लीक होने के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) इस मामले की जांच कर रहा है। 21 जून को कड़ी सुरक्षा के बीच NEET की परीक्षा फिर से आयोजित हुई थी। फिलहाल, इस परीक्षा में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं सामने आई है।


और पढ़ें