बिहार के शिवहर जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी हुई। गुरुवार की शाम बच्ची घर के आंगन में चौकी पर खेल रही थी और उसकी मां छत पर अपना काम कर रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी मोहम्मद राजिद ने मौका पाकर बच्ची के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, तब घरवालों को इस घटना के बारे में पता चला। स्थानीय डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेज दिया है जहां डॉक्टरों की टीम उसकी देखरेख कर रही है।
यह भी पढ़ें: पति के साथ घर जाने की जिद कर रही थी बेटी, नाराज बाप ने चाकू से मार डाला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शिवहर के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और बाकी सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ कहा है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: गैस, पेट्रोल के बाद अब दिल्ली में महंगी हुई बिजली, फ्यूल सरचार्ज बढ़ा
मौके पर पहुंचे अधिकारी
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, डीएसपी अनुशील कुमार, ट्रैफिक डीएसपी भाई भारत, मुख्यालय डीएसपी और सदर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही, पीड़ित बच्ची और उसके परिवार की पहचान को गुप्त रखें और उनकी निजता का सम्मान करें।