मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। वहां लक्ष्मी टॉकीज के पास एक कपड़ों की दुकान में 30 साल के युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दुकान में लगे CCTV में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। बताया यह जा रहा था कि मृतक अपने दोस्त के साथ कपड़े खरीदने में मदद करने बाजार गया था।
शॉपिंग के दौरान अचानक उसे सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई। इसके बाद उसने दवाई ली लेकिन सिर्फ एक से डेढ़ मिनट के अंदर ही उसकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद से पूरे परिवार में दुख का माहौल है।
यह भी पढ़ें: ड्रग ऐक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा को गोली मारने वाला शख्स राजस्थान से गिरफ्तार
दुकान में अचानक बिगड़ी तबीयत
हनुमानगंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शैलेंद्र मालवीय के रूप में हुई है जिनकी उम्र 30 साल थी। 12 अक्टूबर यानी सोमवार की रात करीब 8 बजे शैलेंद्र अपने दोस्त के साथ लक्ष्मी टॉकीज के पास एक मार्केट में कपड़े पसंद करवा रहा था। इसी दौरान उसने अपने दोस्त से कहा कि उसे बहुत घबराहट और बेचैनी हो रही है।
तबीयत बिगड़ने पर शैलेंद्र दुकान में दुकानदार के बगल में रखी एक कुर्सी पर बैठ गया। उसने जेब से एक गोली निकालकर मुंह में रखी और बोतल से पानी पिया। पानी पीते ही उसे तेज दर्द हुआ और वह तड़पने लगा। देखते ही देखते करीब 20 सेकंड में वह कुर्सी से नीचे गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसको देखा और बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थीं।
यह भी पढ़ें: बिहार के वैशाली में गंगा नदी में पलटी नाव, 11 की मौत; कई लापता
डॉक्टर ने मृत घोषित किया
दोस्त और दुकान के कर्मचारियों की मदद से शैलेंद्र को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। साथ ही उनके परिवार को खबर दी गई। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि घर से निकलते वक्त शैलेंद्र पूरी तरह ठीक थे। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में दो छोटे बच्चे, उनकी पत्नी है जिन्हें बहुत गहरा दुख हुआ हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मौत की वजह हार्ट अटैक थी या फिर कुछ और।