महाराष्ट्र के मुंबई में लोकल ट्रेन में 20 साल की महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कहा, 'इससे क्या फर्क पड़ता है?' इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे प्लेटफॉर्म से नीचे रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया। इससे पहले कि महिला ट्रैक से हट पाती, चलती ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ कोहनी के नीचे से कट गया। घटना 4 नवंबर की शाम की है, जब महिला बोरीवली से विरार जाने वाली ट्रेन में सफर कर रही थी। भीड़ की वजह से महिला दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित डिब्बे में चढ़ गई थी। इस डिब्बे में 53 वर्षीय जितेंद्र हिरमुखे नाम का आरोपी भी सफर कर रहा था।
महिला के मुताबिक, आरोपी अधिक भीड़ होने का बहाना बनाकर बार-बार उसके पास आने की कोशिश कर रहा था। जब नायगांव रेलवे स्टेशन पर महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे रेलवे ट्रैक पर धकेल दिया। महिला ने बताया कि वह मोबाइल खरीदने के लिए मलाड गई थी। वहां से लौटते समय उसके साथ यह घटना हुई। महिला ने अपने बचाव के लिए आरोपी पर चप्पल फेंकी तो जवाब में उसने भी चप्पल फेंकी। इससे पहले कि महिला संभल पाती, आरोपी ने उसे प्लेटफॉर्म से नीचे धक्का दे दिया। महिला की शादी पांच महीने पहले ही हुई थी।
ट्रेन में महिला से छेड़छाड़ की
पीड़ित महिला ने बताया कि भायंदर स्टेशन पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया था। महिला ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतें जारी रखे हुए था। वह बार-बार अधिक भीड़ होने का बहाना बना रहा था। शाम करीब 7:15 बजे दोनों नायगांव स्टेशन पर उतरे। यहां भी आरोपी ने महिला को फिर से गलत तरीके से छुआ और कहा, 'इससे क्या फर्क पड़ता है?' इस पर महिला ने गुस्से में अपनी चप्पल उतारकर उस पर फेंक दी। इसके बाद आरोपी ने भी चप्पल से महिला को मारा और उसे प्लेटफॉर्म से नीचे धकेल दिया।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: 50 हजार की रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा
चलती ट्रेन की चपेट में आने से हाथ कटा
महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच पटरियों पर गिर गई। वह वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चलने लगी। इस दौरान उसका बायां हाथ ट्रेन के पहिए के नीचे आ गया और कोहनी के नीचे से कट गया। घायल महिला को पहले वसई के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे मुंबई के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: '2 लाख दो वरना कार्रवाई होगी', फर्जी अधिकारी बन इंजीनियरों को ठगने वाला गिरफ्तार
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रेलवे पुलिस ने स्टेशन के CCTV फुटेज की मदद से उसकी पहचान की। पुलिस ने 9 नवंबर को 53 वर्षीय जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआत में छेड़छाड़, मारपीट और अपमान करने की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। बाद में हत्या की कोशिश की धारा भी जोड़ दी गई। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। महिला ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।