उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बकरी चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। बकरीद से पहले दो युवक रिश्तेदार के घर से बकरा चुराकर बाइक से भाग रहे थे लेकिन भागने की जल्दबाजी में उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में एक युवक बकरे समेत गहरे कुएं में जा गिरा, जबकि दूसरा सड़क किनारे घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
यह मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के कौल गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी बाबर ने अपने घर पर बकरा बांध रखा था। शनिवार देर रात बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और मौका देखकर बकरा खोलकर फरार हो गए। जैसे ही बाबर को चोरी का पता चला, उन्होंने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर गांव के लोग भी बाहर निकल आए और बाइक सवार युवकों का पीछा शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बड़ा हादसा, 10 लोग नदी में डूबे, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत
पीछा होते ही घबराए आरोपी
ग्रामीणों के पीछा करने पर दोनों आरोपी घबरा गए। तेज रफ्तार में भागने के दौरान उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में एक युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जबकि दूसरा युवक बकरे समेत पास के गहरे कुएं में जा गिरा। घटना देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद गांव वालों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। रस्सियों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक और बकरे दोनों को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गाजियाबाद निवासी नईम और दानिश के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें: नेपाल भेज रहा भारत में ब्राउन शुगर? एसएसबी के हत्थे चढ़ा तस्कर
बिना कार्रवाई छूटे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बकरा मालिक बाबर और आरोपी युवक आपस में रिश्तेदार हैं। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और शिकायत वापस ले ली गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। अब यह पूरा मामला इलाके में चर्चा और लोगों के बीच मजाक का विषय बना हुआ है।