उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पुलिस ने एक गर्भवती महिला पर हमला करने और गर्भपात कराने की कोशिश करने के आरोप में उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना दहेज की बार-बार मांग के बाद हुई कथित प्रताड़ना से जुड़ी है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दो महीने की गर्भवती तस्लीमा (30) ने शिकायत दर्ज कराई। उसके खिलाफ पति रियाज़ अहमद, ससुर मुमताज़, सास शकीला, देवर इम्तेयाज़ और ननद सकरीन बानो पर केस दर्ज हुआ है। यह मामला औराई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 (क्रूरता), 115(2) (चोट पहुंचाना) और 353(3) (सार्वजनिक उपद्रव) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम के तहत शनिवार को दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: महिला को जबरन तेजाब पिलाया, ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप
मांगा था दहजे और जमीन
औराई थाने के SHO मनोज कुमार ने बताया कि पीपरतर कैथन मोहल्ला में रहने वाली तस्लीमा की शादी जून 2022 में मिर्ज़ापुर के रियाज़ अहमद से हुई थी। शादी के तुरंत बाद ही पति और ससुराल वालों ने 2 लाख रुपये नकद और एक टुकड़ा जमीन दहेज में मांगना शुरू कर दिया।
जब तस्लीमा ने मना किया और कहा कि उसके माता-पिता की आर्थिक हालत ठीक नहीं है, तो उसे मारपीट और क्रूरता का सामना करना पड़ा।
घर से निकाला बाहर
शिकायत के मुताबिक, 22 दिसंबर 2025 की आधी रात को पति और ससुराल वालों ने उसे ठंड में घर से बाहर निकाल दिया। कुछ रिश्तेदारों की मध्यस्थता के बाद 2 फरवरी 2026 को पति ने उसे वापस ले लिया, लेकिन जब पता चला कि वह दो महीने की गर्भवती है, तो पति ने बिना नकद और जमीन के उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
पेट पर मारी लात
तस्लीमा ने आरोप लगाया कि तीन दिन बाद, 5 फरवरी को पति और सास ने उसे बुरी तरह पीटा। देवर ने उसके पेट पर कई बार लात मारी ताकि गर्भपात हो जाए। पति ने गला दबाकर मारने की कोशिश की, लेकिन उसकी चीख सुनकर पड़ोसी आ गए।
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
पड़ोसियों ने उसे घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया और उसके माता-पिता को सूचना दी। उसके पिता ने उसे भदोही ले जाकर प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया। अब उसकी हालत स्थिर है।
यह भी पढ़ें: काजल की मां का आरोप, 'दहेज के लिए बेटी ने लिया था 10 लाख का लोन'
पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया और आरोपी के घर तर्कापुर पोखरी पर छापेमारी की, लेकिन सभी आरोपी फरार मिले। पुलिस अब उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।