उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात को हुए एक दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की जान चली गई है। एक ट्रक का ब्रेक फेल हो जाने के चलते एक ही जगह पर कई गाड़ियों की टक्कर हो गई है और दो कारों में सवार लोग ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो कार में सवार लोग कार से बाहर ही नहीं निकल पाए और उसी में जिंदा जल गए। इस कार में 6 लोग सवार थे। एक ऑल्टो कार भी हादसे का शिकार हुई और उसमें सवार कुछ लोगों की भी मौत हुई है। हादसे का शिकार हुई गाड़ियों में कुछ बिहार की तो कुछ मध्य प्रदेश की थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक बोलेरो कार में सवार लोग मैहर धाम में एक बच्चे का मुंडन कराने बुधवार सुबह ही गए थे और रात को वे अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद लगी आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोग किसी को भी नहीं बचा सके और 9 लोग तो वहीं जिंदा जलकर मर गए।
यह भी पढ़ें: दुल्हन पाने के लिए खुद को दरोगा बताने लगा सब्जीवाला, यूं खुली पोल
पुलिस ने क्या बताया?
घटना की जानकारी देते हुए मिर्जापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा है, 'रात के 8:30 बजे हमें सूचना मिली थी कि ड्रमडगंज घाटी से नीचे उतरने वाले रास्ते पर एक रोड एक्सीडेंट हुआ है। घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंची तो पता चला कि ब्रेक फेल हो जाने के चलते एक ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया था। एक ऑल्टो कार इन दोनों ट्रकों के बीच में फंस गई थी। एक और कार को टक्कर लगी थी और उसमें आग लग गई थी। अभी तक 11 लोगों की जान जाने की खबर है। पुलिस की टीम घटनास्थल पर है और रास्ते को क्लियर करवाया जा रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'एक ट्रक पीछे से आ रहा था, ब्रेक होने के कारण वह एक और ट्रक से टकराया। एक ऑल्टो में टक्कर मारी और एक बोलेरो में टक्कर मारी। उसी बोलेरो कार में आग लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य किया गया। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। एक ट्रक बिहार नंबर का है, एक ट्रक मध्य प्रदेश का है। ऑल्टो कार सोनभद्र जिले की है और बोलेरो कार थी वह मिर्जापुर की है। कुछ लोगों की जानकारी हमें मिल गई है और हम उनके परिवार से संपर्क कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: प्रसाद न लेने पर पिता को हुआ धर्म परिवर्तन का शक, बेटे-बहू को पहनाई जूते की माला
हादसे में जान गंवाने वाले बोलेरो के ड्राइवर के भाई रमा शंकर सिंह ने कहा है, 'हमारे छोटे भाई विष्णु शंकर गाड़ी लेकर मुंडन कराने के लिए हरगढ़ से एक परिवार को लेकर मैहर गए थे। लौटते वक्त पौने 8 बजे भी मेरी उनसे बात हुई थी। फिर हमें थाने से सूचना मिली कि एक्सीडेंट हो गया। बच्चों और महिला समेत उस बोलेरो में कुल 6 लोग सवार थे।'