महाराष्ट्र के मुंबई के मीरा रोड (पूर्व) में स्थित जेपी नॉर्थ सोसायटी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम के लिए इस्तेमाल की जा रही एक विशाल क्रेन अचानक 13वीं मंजिल से नीचे आ गिरी। क्रेन गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरी सोसायटी और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पीड़ित की पहचान मुजम्मिल खोखर के रूप में हुई है। हादसे के वक्त क्रेन निर्माण कार्य में लगी हुई थी। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सोसायटी के परिसर में आ गिरी। क्रेन की चपेट में नीचे खड़ी कई कारें और दूसरे वाहन आ गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की जेलों में असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट समेत वकील लेते थे घूस, 11 गिरफ्तार
मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों को आशंका है कि क्रेन के मलबे के नीचे एक या उससे अधिक लोग फंसे हो सकते हैं। इसी वजह से बचाव कार्य पूरी सावधानी के साथ जारी है। रेस्क्यू टीम भारी मशीनों को आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटी है, ताकि अगर कोई फंसा हो तो उसे सुरक्षित निकाला जा सके।
मौके पर पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी भी पहुंच गए हैं। क्रेन गिरने की असली वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा केसः ट्रस्ट ने करोड़ों की बरामदगी दबाई, SIT जांच में मिले संकेत
प्रशासन ने लोगों से की अपील
प्रशासन ने सोसायटी के निवासियों और आसपास के लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। आधिकारियों का कहना है कि अभियान पूरा होने के बाद मृतकों, घायलों और नुकसान का विस्तृत ब्यौरा जारी किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर बचाव अभियान लगातार जारी है।