महाराष्ट्र के मुंबई में साकीनाका पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है जो शादी के महज 5 दिन बाद अपने पति को लूटकर फरार हो गई थी। 29 साल का पीड़ित युवक अपनी शादी के लिए लड़की ढूंढ रहा था, जिसका फायदा उठाकर एक गिरोह ने उसे फंसाया। 'रेशमा' नाम की इस महिला ने मंदिर में युवक से शादी की और फिर मौका मिलते ही घर से 2.5 लाख रुपये के गहने और 10 हजार कैश लेकर रफूचक्कर हो गई। इस मामले में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन, उसके 'नकली पिता' और दो बिचौलियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित युवक की मुलाकात सुजाता और विजय पाटिल नाम के दो एजेंटों से हुई थी। इन दोनों ने उसे शादी का भरोसा दिया और नवी मुंबई के वाशी इलाके में रेशमा से मिलवाया। वहां दीपक पाटिल नाम का एक शख्स भी मौजूद था, जिसने खुद को रेशमा का पिता बताया। गिरोह ने युवक का भरोसा जीत लिया और शादी पक्की कर दी।
यह भी पढ़ें: बच्चों की मार्कशीट में हुई गलती, ठीक कराने के लिए टीचर देंगे लाखों रुपये
दूल्हे के खर्च पर खरीदारी और शादी
लड़की वालों ने अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने का बहाना बनाया, जिसके बाद दूल्हे ने ही शादी का सारा खर्च उठाया। युवक ने रेशमा के लिए सोने के गहने खरीदे और नए कपड़े भी दिलवाए। 21 जून को साकीनाका के एक मंदिर में दोनों की शादी हुई। इस शादी में दीपक पाटिल ने 'पिता' बनकर कन्यादान की रस्म निभाई और सुजाता-विजय पाटिल गवाह बने।
शादी के बाद रेशमा 5 दिनों तक ससुराल में रही। 26 जून की रात को जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तब रेशमा ने अलमारी में रखे करीब 2.5 लाख रुपये के जेवर और नगदी कि चोरी की और घर से भाग निकली। सुबह जब पति और उसके परिवार को चोरी और रेशमा के गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को खबर दी।
पुलिस का ऐक्शन
साकीनाका पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि दीपक पाटिल असल में रेशमा का पिता नहीं बल्कि उस गिरोह का सदस्य था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से चारों आरोपियों जिसमें रेशमा, दीपक पाटिल, सुजाता और विजय को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: 4 दिन, अब तक 15 लाशें बरामद, वृंदावन हादसे के लिए जिम्मेदार कौन?
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह उन लड़कों को निशाना बनाता था जिनकी शादी में दिक्कत आ रही थी। मंदिर में शादी करने का मकसद कानूनी कागजी कार्रवाई से बचना था ताकि वारदात के बाद गायब होना आसान रहे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस 'सीरीयल ब्राइड' ने पहले और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का कुछ सामान भी बरामद कर लिया है।