महाराष्ट्र के नासिक में खुद को आध्यात्मिक गुरु और सिद्ध ज्योतिषी बताने वाले 67 वर्षीय अशोक खरात का काला चिट्ठा का खुलासा हुआ है। नासिक पुलिस ने कैप्टन के नाम से मशहूर इस शख्स को एक 35 वर्षीय महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं वे किसी भी सभ्य समाज को झकझोर देने वाले हैं। आरोपी ज्योतिष की आड़ में महिलाओं को न केवल अपनी हवस का शिकार बनाता था, बल्कि उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ताउम्र डराने का इंतजाम भी करता था।
पेन ड्राइव में मिले 58 महिलाओं के वीडियो
पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से एक पेन ड्राइव बरामद हुई है। इसमें करीब 58 अलग-अलग महिलाओं के साथ किए गए अश्लील कृत्यों के वीडियो क्लिप्स मिले हैं। आरोपी ने अपने ऑफिस में गुप्त CCTV कैमरे लगा रखे थे, जिनके जरिए वह वीडियो रिकॉर्ड करता था। मामले की गंभीरता और आरोपी के हाई-प्रोफाइल संपर्कों को देखते हुए राज्य सरकार ने आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया है।
यह भी पढ़ें: योग आश्रम की आड़ में चल रहा था जाली नोटों का बड़ा खेल, पुलिस ने 6 को दबोचा
जांच में पता चला है कि अशोक खरात महिलाओं को वश में करने के लिए सम्मोहन और नशीले पदार्थों का सहारा लेता था। वह पीड़ित महिलाओं को अपने ऑफिस बुलाकर उनके सिर पर तांबे का कलश संतुलित करने को कहता और इसी दौरान उन्हें कोई नशीली पदार्थ सुंघा देता था।
इसके बाद वह महिलाओं को उनके पति की अकाल मृत्यु या तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर उनके साथ यौन उत्पीड़न करता था। मर्चेंट नेवी से रिटायर होने के कारण वह खुद को कैप्टन भी कहता था ताकि समाज में उसकी धाक बनी रहे।
प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम
अशोक खरात नासिक के पॉश इलाके 'कनाडा कॉर्नर' में 'ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स' के नाम से दफ्तर चलाता था। बाहर से यह एक रियल एस्टेट का ऑफिस दिखता था, लेकिन हकीकत में यहां अंधविश्वास और अपराध का धंधा फल-फूल रहा था।
आरोपी ने खुद को एक दैवीय शक्ति संपन्न गुरु के रूप में स्थापित कर लिया था। सिन्नर स्थित 'ईशान्याश्वर मंदिर ट्रस्ट' का अध्यक्ष होने के नाते उसके दरबार में बड़े-बड़े राजनेताओं, फिल्मी सितारों और उद्योगपतियों का जमावड़ा लगा रहता था, जिसका फायदा उठाकर वह कानून से बचता रहा।
यह भी पढ़ें: प्रॉपर्टी डीलर के 'हत्यारों' का कैथल में एनकाउंटर, 30 घंटे में पुलिस ने दबोचा
आधी रात में हुई गिरफ्तारी
अशोक खरात की गिरफ्तारी के लिए नासिक क्राइम ब्रांच ने एक फिल्मी स्टाइल में जाल बिछाया। पुलिस को डर था कि उसके रसूख के कारण छापेमारी की खबर लीक हो सकती है। इसलिए आधी रात को पुलिस टीम ने उसके फार्महाउस को घेरा और बाहर जोर-जोर से चोर-चोर चिल्लाना शुरू किया। शोर सुनकर जैसे ही खरात ने दरवाजा खोला, पुलिस ने उसे उसके बेडरूम से धर दबोचा। तलाशी में फार्महाउस से एक पिस्तौल औ रकारतूस मिला है।