महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। सवाल उठ रहा है कि क्या राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुट फिर से एक होने जा रहे हैं? अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले गुट और शरद पवार के गुट के बीच नजदीकियां बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। दोनों गुटों के नेताओं की मुलाकातें, अमित शाह के साथ बैठक और सुनेत्रा पवार के हालिया बयान ने विलय की अटकलों को हवा दी है।
हालांकि, फिलहाल विलय का कोई औपचारिक प्रस्ताव सामने नहीं आया है लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि क्या शरद पवार और अजित पवार के परिवार और समर्थक फिर एक पार्टी में आ सकते हैं? हालांकि 10 नवंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि मर्जर हमारी जानकारी के बिना नहीं हो सकता है।
यह भी पढ़ें: सोनिया ने अपनी किताब में बताए कई किस्से, इन 50 किताबों से समझें भारत की राजनीति
क्यों तेज हुई अटकलें?
NCP के सीनियर नेताओं ने सुनेत्रा और उनके बेटे पार्थ पवार के बिना दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, इसी के बाद से अटकलों के नए दौर शुरू हो गया। मीटिंग के तीन हफ्ते बाद भी, किसी भी नेता ने पब्लिकली यह नहीं बताया कि क्या चर्चा हुई। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि मीटिंग में पार्टी के अंदर पार्थ के एकतरफा फैसले लेने पर चिंताओं पर बात हुई।
मीटिंग के बाद, ऐसा समझा जाता है कि पार्थ ज़रूरी फ़ैसले लेने से पहले सीनियर नेताओं से सलाह लेने के लिए राजी हो गए हैं। इस घटनाक्रम ने NCP के अंदरूनी कामकाज और क्या लीडरशिप बड़े पैमाने पर राजनीतिक बदलाव पर विचार कर रही है, इस बारे में सवाल खड़े कर दिए हैं।
2023 में फूट पड़ी, फिर तेज हुई विलय की चर्चा
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में जुलाई 2023 में फूट पड़ गई थी। अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ शरद पवार से अलग हो गए और BJP-शिवसेना (शिंदे गुट) के साथ महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए। इसके बाद दोनों गुटों को फिर से एक करने की कोशिशें शुरू हुईं। शरद पवार के मुताबिक, करीब चार महीने से विलय पर बातचीत चल रही थी। 16 और 17 जनवरी 2026 को भी इस संबंध में अहम बैठकें हुईं।
इसके अलावा, दोनों गुटों के विलय की घोषणा जिला परिषद चुनावों के बाद 12 फरवरी 2026 को होनी थी, लेकिन 28 जनवरी 2026 को अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद यह प्रक्रिया रुक गई। अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद यह प्रक्रिया रुक गई और प्रस्तावित विलय टल गया।
किसने क्या कहा?
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इस संभावना को न तो स्वीकार किया और न ही खारिज किया। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर सभी को इसकी जानकारी मिल जाएगी। वहीं, NCP (SP) विधायक रोहित पवार ने विलय का विरोध करते हुए कहा कि BJP के साथ गठबंधन रहते दोनों गुटों के एक होने का सवाल ही नहीं उठता।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 10 नवंबर को कहा था कि दोनों गुटों का विलय उनकी जानकारी के बिना नहीं हो सकता। दूसरी ओर, NCP प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने स्वीकार किया कि अजित पवार दोनों गुटों को एक करने की दिशा में काम कर रहे थे और उन्हें इस योजना की जानकारी थी।