पंजाब के जालंधर में बीजेपी नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के भतीजे की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अभी तक सिर्फ एक आरोपी की पहचान हुई है। जालंधर पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात बस्ती दानिशमंदान इलाके में तीन आरोपियों ने 16 वर्षीय विकास अंगुराल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक विकास जालंधर पश्चिम से पूर्व विधायक शीतल अंगुराल का भतीजा है। 2022 विधानसभा चुनाव में शीतल अंगुराल ने आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव जीता था। हालांकि बाद में बीजेपी का दामन थाम लिया। शीतल अंगुराल ने बताया कि एक आरोपी की पहचान कालू के तौर पर हुई है। उधर, पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: पंकज चौधरी पर BJP ने क्यों खेला दांव, कितनी है कुर्मी समाज की ताकत?
एसएचओ युधविंदर सिंह ने बताया कि हमें रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच एक कॉल आई। इसमें दो लोगों के बीच लड़ाई की सूचना मिली। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था, उसकी पहचान विकास अंगुराल के तौर पर हुई है। उसके शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। रवि कुमार (कालू) और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
पुलिस के मुताबिक मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने विकास की हत्या की। जालंधर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक शीतल अंगुराल और परिवार के अन्य लोग व समर्थन वहां मौजूद रहे। एडीसीपी परमजीत सिंह की कहना है कि आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 5 में बीएनएस की धारा 103(1), 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
यह भी पढ़ें: तिरुवनंतपुरम में BJP की ऐतिहासिक जीत, UDF ने वाम दलों को किया साफ
कौन हैं शीतल अंगुराल?
शीतल अंगुराल और बीजेपी का पुराना नाता है। आदमी पार्टी में शामिल होने से पहले अंगुराल बीजेपी का हिस्सा थे। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने आप ज्वाइन की थी। पार्टी टिकट दिया तो विधानसभा पहुंचे। दो साल बाद 2024 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में दोबारा एंट्री ली। मगर लोकसभा का टिकट नहीं मिला। बाद में बीजेपी ने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट से अंगुराल को अपना प्रत्याशी बनाया। मगर उन्हें आप प्रत्याशी मोहिंदर भगत के हाथों 37,325 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।