उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार यानी 23 सितंबर की देर रात एक भीषण हादसा हो गया। दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुए इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 1 महिला और 8 पुरुष शामिल हैं। घटना के समय बस में लगभग 40 से 50 लोग सवार थे।
आग लगने से बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोगों ने बस की खिड़कियों से कूदना शुरू कर दिया। ड्राइवर ने तुरंत बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इस कारण कई लोग सुरक्षित बाहर निकल पाए। साथ ही कुछ इसमें फंस गए और निकल नहीं पाए। घायलों का इलाज पास के कैलाश अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें: पटना में जन सुराज नेता अनिल यादव पर जानलेवा हमला, PK ने सरकार पर उठाए सवाल
पटाखे फटने जैसी आ रही थीं आवाजें
बस में सवार लोगों ने बताया कि अचानक पटाखा फूटने जैसी तेज आवाजें आने लगीं। इसके तुरंत बाद ही बस में तेजी से आग फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि बस में सामान के साथ अवैध रूप से पटाखे ले जाया जा रहा था। आग लगने के कुछ मिनटों बाद बस धू-धू कर जलने लगा और दूर-दूर तक इसकी लपटें और धुआं दिखाई दे रहा था। सुरक्षा के लिहाज से जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट के लिए गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई थी।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड की 4-5 गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद बस के कूलडाउन की प्रक्रिया शुरू की गई ताकि अंदर फंसे लोगों की स्थिति का सही पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार के मंत्री हरदीप मुंडियां के भांजे के घर ED ने क्यों मारा छापा?
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। जेवर पुलिस ने मृतकों की संख्या की पुष्टि कर दी है। जेवर पुलिस के अनुसार, इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला और 8 पुरुष शामिल थे। घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।