logo

मूड

ट्रेंडिंग:

नोएडा में फुटपाथ पर बना दिए EV के बैटरी स्वैपिंग स्टेशन, पैदल चलने वाले परेशान

नोएडा के कई सेक्टरों में फुटपाथ पर EV चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिससे पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। कहां-कहां बाधित हो रहा है रास्ता और इस पर नोएडा प्राधिकरण का क्या है जवाब? पढ़िए खबरगांव की यह ग्राउंड रिपोर्ट।

नोएडा के फुटपाथ पर चार्जिंग कंपनियों का कब्जा, Photo Credit : Khabargaon

नोएडा के फुटपाथ पर चार्जिंग कंपनियों का कब्जा, Photo Credit : Khabargaon

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा शहर में पैदल चलने वालों के लिए बनाए गए फुटपाथ पर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। नोएडा के सेक्टर-3, 15, 16, 18 और 21 समेत कई इलाकों में इनकी वजह से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। कहीं मेट्रो से उतरकर ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है, तो कहीं सुबह की सैर करने वालों को फुटपाथ पर चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही। कई स्थानों पर चार्जिंग प्वाइंट खराब पड़े हैं, जबकि दूसरी तरफ शहर में नए चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट बनाने की योजनाएं भी चल रही हैं।

 

खबरगांव ने अपनी पिछली ग्राउंड रिपोर्ट में नोएडा के सेक्टर-16 से सेक्टर-12/22 तक बने साइकिल ट्रैक की पड़ताल की थी। इस दौरान सामने आया था कि साइकिल चलाने के लिए बनाए गए ट्रैक पर जगह-जगह अवैध पार्किंग हो रही है। कार और बाइक खड़ी होने की वजह से साइकिल सवारों को ट्रैक के बजाय मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है। अब फुटपाथ को लेकर की गई अगली पड़ताल में भी ऐसी ही समस्या सामने आई है। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथ पर EV चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। सवाल यह है कि आखिर नोएडा में पैदल चलने और साइकिल चलाने के लिए बनाई गई जगहों का इस्तेमाल उनके मूल उद्देश्य के अनुसार क्यों नहीं हो पा रहा है?

 

यह भी पढ़ें: 40 करोड़ से बना था साइकिल ट्रैक, अब बन गया अवैध पार्किंग का अड्डा

सुप्रीम कोर्ट ने फुटपाथ पर चलने के अधिकार को बताया मौलिक अधिकार

सुप्रीम कोर्ट ने 19 जून 2026 को एक अहम फैसले में निर्धारित फुटपाथ पर चलने के अधिकार को मौलिक अधिकारों से जुड़ा माना। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस एएस चंदुरकर की पीठ ने कहा कि पैदल चलने का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 19(1)(d) और अनुच्छेद 21 समेत अन्य संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित फुटपाथ पर चलने का अधिकार मोटर वाहनों की आवाजाही से प्राथमिक है।

 

अदालत के मुताबिक, जहां सड़क है, वहां पैदल चलने वालों के लिए निर्धारित और अच्छी स्थिति वाले फुटपाथ उपलब्ध कराना जरूरी है। इनके निर्माण, रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी शहरी विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और संबंधित स्थानीय निकायों की है। ऐसे में नोएडा में फुटपाथ पर चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट बनाने को लेकर सवाल उठता है कि क्या इन सुविधाओं के लिए जगह तय करते समय पैदल चलने वालों की जरूरतों और उनके सुरक्षित आवागमन का ध्यान रखा गया है?

सेक्टर-15 मेट्रो के पास स्वैपिंग प्वाइंट से ऑटो चालकों को परेशानी

नोएडा के सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट बनाया गया है। यहां मेट्रो से उतरकर आने-जाने वाले लोगों के अलावा बड़ी संख्या में ऑटो चालक और दोपहिया वाहन चालक भी मौजूद रहते हैं। बैटरी बदलवाने के लिए आने वाले बाइक राइडर्स की आवाजाही और ऑटो चालकों की जगह को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है।

 

यह भी पढ़ें: मौत से बड़ा खौफ महंगा इलाज, कैंसर और गरीबी के बीच पिसते भारत के परिवार

 

यहां ऑटो चलाने वाले आजिम ने बताया कि बैटरी बदलवाने आने वाले बाइक राइडर्स से कई बार उनकी कहासुनी हो जाती है। इससे उनके कामकाज पर असर पड़ता है और उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। उनका कहना है कि स्वैपिंग प्वाइंट की वजह से वहां जगह को लेकर दिक्कत बनी रहती है।

 

वहीं, ऑटो चालक संजय ने भी इसी तरह की परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि स्वैपिंग प्वाइंट की वजह से उन्हें अपना ऑटो आगे खड़ा करना पड़ता है। इससे सवारी बैठाने और रोजाना के कामकाज में परेशानी होती है। यानी जिस जगह का इस्तेमाल लोगों के आने-जाने के लिए होना चाहिए, वहां चार्जिंग और बैटरी बदलने से जुड़ी गतिविधियों के कारण जगह को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है।

सेक्टर-3, 16 और 18 में भी पैदल चलने वालों का रास्ता प्रभावित

नोएडा के सेक्टर-3 में फुटपाथ पर बने चार्जिंग प्वाइंट के कारण आसपास काम करने वाले कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस इलाके में बड़ी संख्या में कंपनियां और औद्योगिक इकाइयां हैं। यहां काम करने वाले कर्मचारी मेट्रो स्टेशन और आसपास के रास्तों से पैदल आते-जाते हैं। ऐसे में फुटपाथ पर अतिरिक्त संरचनाएं और चार्जिंग के लिए आने-जाने वाले वाहनों की मौजूदगी उनके लिए परेशानी पैदा कर सकती है।

 

यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसा: शोर थम गया, वैसे ही खड़ी हैं जर्जर और 'अवैध' इमारतें

 

सेक्टर-16 में नाले के ऊपर चार्जिंग प्वाइंट बनाया गया है। यहां चार्जिंग की सुविधा के साथ वाहनों के खड़े होने की वजह से भी जगह का इस्तेमाल प्रभावित हो रहा है। नाले के ऊपर इस तरह की व्यवस्था होने से सुरक्षा से जुड़े सवाल भी उठते हैं। वहीं, सेक्टर-18 जैसे व्यस्त व्यावसायिक इलाके में होटल के बाहर फुटपाथ पर चार्जिंग प्वाइंट बनाया गया है। इस इलाके में लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में फुटपाथ पर चार्जिंग की व्यवस्था होने से पैदल चलने वालों के लिए उपलब्ध जगह प्रभावित हो सकती है।

 

सेक्टर-61 में शॉप्रिक्स मॉल के सामने फुटपाथ पर बना चार्जिंग प्वाइंट लंबे समय से खराब पड़ा है। ऐसे में न तो इसका इस्तेमाल हो पा रहा है और न ही फुटपाथ का वह हिस्सा पैदल चलने वालों के लिए सामान्य रूप से उपलब्ध है। सेक्टर-59 में वेंडिंग जोन के पास भी फुटपाथ पर बना चार्जिंग प्वाइंट खराब होने की जानकारी सामने आई है। सवाल यह है कि जब पहले से लगे चार्जिंग प्वाइंट का रखरखाव ठीक से नहीं हो पा रहा है, तो नई सुविधाएं विकसित करने से पहले पुराने प्वाइंट की स्थिति सुधारने और अनुपयोगी ढांचों को हटाने पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा?

सेक्टर-21 में सुबह की सैर करने वालों को भी दिक्कत, आगे और स्टेशन लगाने की योजना

नोएडा स्टेडियम के पास सेक्टर-21 में भी फुटपाथ पर बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट बनाए जाने से लोगों को परेशानी हो रही है। यहां सुबह बड़ी संख्या में लोग टहलने और व्यायाम करने आते हैं। एक स्थानीय युवक ने बताया कि फुटपाथ पर बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट लगाए जाने की वजह से उन्हें सुबह की सैर करने में परेशानी होती है। लोगों के चलने के लिए बनाई गई जगह पर इस तरह की व्यवस्था होने से रास्ता प्रभावित होता है।

 

चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों से जुड़ी इस पूरी व्यवस्था में नोएडा प्राधिकरण की भूमिका भी अहम है। वर्ष 2020 में नोएडा प्राधिकरण और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का समझौता हुआ था। इस परियोजना के तहत 162 सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन स्वीकृत किए गए थे। इस व्यवस्था में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लगाने और उसके संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी EESL की थी, जबकि जगह उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण की थी।

 

यह भी पढ़ें: महंगा रीचार्ज फिर भी इंटरनेट धीमा, दिल्ली-NCR में सिरदर्द बना 5G

 

अप्रैल 2026 में नोएडा प्राधिकरण ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ शहर में 13 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए समझौता किया था। Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, इन स्टेशनों के लिए सेक्टर-15 और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन समेत शहर के कई प्रमुख स्थान चिह्नित किए गए हैं। खबरगांव की पड़ताल में इन 13 प्रस्तावित स्टेशनों में से छह फुटपाथ पर बने मिले। बाकी स्टेशनों के लिए तय की गई जगहों और वहां पैदल यात्रियों के आवागमन की स्थिति को लेकर भी सवाल उठते हैं। आखिर इन स्टेशनों के लिए जगह तय करते समय फुटपाथ की उपलब्धता और आम लोगों की सुविधा का कितना ध्यान रखा गया? 

 

इतना ही नहीं, नोएडा प्राधिकरण ने ITI लिमिटेड के साथ मिलकर शहर में नए EV चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की योजना भी बनाई है। अक्टूबर 2026 में सामने आई जानकारी के मुताबिक, ITI लिमिटेड और एक अन्य कंपनी के साथ कुल 78 चार्जिंग सुविधाएं विकसित करने के समझौते किए गए थे। प्राधिकरण की योजना शहर में कुल 100 चार्जिंग सुविधाएं विकसित करने की है। इन स्टेशनों के लिए सेक्टर-21A स्थित नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-16, सेक्टर-18, सेक्टर-61 और अन्य इलाकों को प्रस्तावित स्थानों में शामिल किया गया है। ऐसे में जरूरी है कि नई सुविधाएं विकसित करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथ बाधित न हों।

 

इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और प्रदूषण कम करने के लिए चार्जिंग तथा बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं विकसित करना जरूरी है, लेकिन इसके लिए पैदल चलने वालों के अधिकार और सुरक्षा की अनदेखी नहीं की जा सकती। सवाल यह है कि क्या नोएडा प्राधिकरण नई EV सुविधाएं विकसित करते समय फुटपाथ की उपलब्ध जगह और पैदल यात्रियों की जरूरतों को प्राथमिकता देगा?

नोएडा अथॉरिटी ने क्या कहा?

खबरगांव ने इस पड़ताल में सामने आई समस्याओं पर नोएडा प्राधिकरण का पक्ष जानने की कोशिश की। इस सिलसिले में संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया। हमारी टीम प्राधिकरण के मुख्य कार्यालय, सेक्टर-96 भी पहुंची, लेकिन वहां मौजूद अधिकारी इस मुद्दे पर आधिकारिक रूप से जवाब देने को तैयार नहीं हुए। काफी प्रयासों के बाद नोएडा प्राधिकरण के CEO (मुख्य कार्यपालक अधिकारी) कृष्णा करुणेश के निजी सचिव (PS) से संपर्क हो सका। उन्होंने सवाल ईमेल या संदेश के माध्यम से भेजने को कहा और आश्वासन दिया कि उन्हें CEO तक पहुंचा दिया जाएगा। खबर लिखे जाने तक CEO की ओर से सवालों का जवाब नहीं मिला था। जवाब मिलने पर उसे इस रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

 

हालांकि, प्राधिकरण एक अधिकारी ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि फुटपाथ पर बने खराब चार्जिंग प्वाइंट की समस्या उनके संज्ञान में है और इस पर काम किया जाएगा। अधिकारी ने जल्द ही खराब पड़े चार्जिंग प्वाइंट हटाने का आश्वासन भी दिया। हालांकि, इस बातचीत को प्राधिकरण का आधिकारिक बयान नहीं माना जा सकता। लेकिन सवाल सिर्फ खराब पड़े चार्जिंग प्वाइंट हटाने का नहीं है। कई जगह ऐसे चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट भी हैं, जो काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी लोकेशन की वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है। सेक्टर-15 में ऑटो चालकों और बाइक राइडर्स के बीच जगह को लेकर कहासुनी की स्थिति बनती है, तो सेक्टर-21 में सुबह टहलने आने वाले लोगों को फुटपाथ पर चलने में दिक्कत होती है। ऐसे में केवल खराब स्टेशन हटाना पर्याप्त होगा या उन स्टेशनों की लोकेशन पर भी दोबारा विचार किया जाएगा, जिनकी वजह से पैदल यात्रियों का रास्ता प्रभावित हो रहा है?

 

फुटपाथ पर बने इन चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट का असर सिर्फ रास्ते की उपलब्धता तक सीमित नहीं है। मेट्रो से उतरकर ऑफिस जाने वाले लोगों को कई जगह पैदल चलने के लिए सड़क का सहारा लेना पड़ता है। सुबह की सैर करने वाले लोगों को अपने नियमित रास्ते में बाधा का सामना करना पड़ता है। बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए ऐसे रास्तों से गुजरना और मुश्किल हो सकता है। वहीं, चार्जिंग या बैटरी बदलवाने के लिए आने वाले वाहनों की आवाजाही से ऑटो चालकों और दूसरे वाहन चालकों के बीच जगह को लेकर विवाद की स्थिति भी बनती है। दूसरी ओर, कई जगह खराब पड़े स्टेशन फुटपाथ की जगह घेरे हुए हैं। ऐसे में शहर में EV सुविधाओं का विस्तार करते समय यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि आम नागरिकों को पैदल चलने के लिए सुरक्षित और बाधा-मुक्त रास्ता मिले। आखिर शहर का विकास तभी लोगों के लिए सुविधाजनक होगा, जब नई सुविधाएं उनकी रोजमर्रा की आवाजाही को मुश्किल न बनाएं।


और पढ़ें